कांग्रेस-AAP को छोड़कर सबके लिए खुले हैं दरवाजे! पंजाब चुनाव से पहले अकाली दल की नई रणनीति

0
9

पंजाब: पंजाब की राजनीति में गठबंधन को लेकर हलचल तेज हो गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पंजाब में NDA की सरकार बनने के दावे के ठीक एक दिन बाद शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने गठबंधन पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अकाली दल कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) को छोड़कर बाकी सभी समान विचारधारा वाले दलों के साथ गठबंधन के लिए तैयार है।

सुखबीर सिंह बादल ने कांग्रेस और AAP पर तीखा हमला बोलते हुए इन्हें पंजाब का दुश्मन करार दिया। उन्होंने साफ कहा कि इन दोनों पार्टियों के अलावा बाकी दलों के लिए अकाली दल के दरवाजे खुले हैं। बादल ने यह भी याद दिलाया कि जब राज्य में बीजेपी और अकाली दल की सरकार थी, तब पंजाब में शांति का माहौल था।

राज्यपाल से मिला अकाली दल का प्रतिनिधिमंडल

सुखबीर बादल के नेतृत्व में अकाली दल के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को पद से हटाने की मांग रखी। मुलाकात के बाद बादल ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल एक क्षेत्रीय पार्टी है, जिसका मुख्य मकसद पंजाब की बेहतरी के लिए काम करना है। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी सत्ता में रहे या विपक्ष में, वह पंजाब के हितों के लिए हमेशा संघर्ष करती रहेगी, क्योंकि अकाली दल की राजनीति राज्य के लोगों और उनके हितों से जुड़ी हुई है।

गठबंधन से जुड़े सवाल पर बादल ने स्पष्ट किया कि अकाली दल उन पार्टियों के साथ मिलकर काम करने को तैयार है, जो उसकी विचारधारा से सहमत हैं। हालांकि उन्होंने कांग्रेस और AAP को इस संभावित गठबंधन से पूरी तरह बाहर रखा और अपनी बात दोहराई कि इन दोनों दलों के अलावा समान सोच वाली अन्य पार्टियों के साथ गठबंधन के लिए अकाली दल पूरी तरह तैयार है।

चुनावी समीकरणों पर नजर

यह बयान ऐसे समय आया है, जब पंजाब में राजनीतिक दलों के बीच आगामी चुनावों को लेकर रणनीति और गठबंधन की संभावनाओं पर चर्चा तेज हो रही है। अमित शाह के NDA सरकार बनाने के दावे के बाद अकाली दल का यह रुख राज्य के संभावित राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। बीते दिनों पंजाब में अमित शाह की सक्रिय मौजूदगी भी देखी गई थी, और उन्होंने राज्य में NDA सरकार बनने का ऐलान भी किया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here