नई दिल्ली: हवाई सफर के दौरान अचानक सिरदर्द हो जाए या तबीयत बिगड़ने लगे, पैरों में सूजन आ जाए या चोट लग जाए तो क्या करेंगे? जरूरत पड़ने पर एयर होस्टेस से सैनिटरी पैड, टैम्पोन और दर्द की दवा जैसी चीजों के बारे में भी पूछा जा सकता है। एक अनुभवी फ्लाइट अटेंडेंट ने ऐसी छह जरूरी चीजों की जानकारी साझा की है। न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, सिले राइडेल सोशल मीडिया पर ‘ट्रैवल विद सिल राइडेल’ नाम से मशहूर हैं। उन्हें एविएशन क्षेत्र में छह साल का अनुभव है। वह टिकटॉक और इंस्टाग्राम पर हवाई सफर से जुड़ी टिप्स साझा करती हैं। हाल ही में उन्होंने बताया कि उड़ान के दौरान यात्री किन चीजों के लिए क्रू से अनुरोध कर सकते हैं।
फ्लाइट में मांग सकते हैं ये 6 जरूरी चीजें
लंबी उड़ान में पैरों में सूजन या सिरदर्द होने पर एयर होस्टेस से बर्फ की थैली मांगी जा सकती है। इससे ठंडी सिकाई करने में मदद मिलती है। एयरपोर्ट पर लंबा चलने या जल्दबाजी में गेट बदलने से पैरों में छाले पड़ जाएं, तो पट्टी या बैंडेज के लिए भी पूछ सकते हैं। राइडेल के मुताबिक, कुछ उड़ानों में यात्रियों को दर्द की दवा दी जा सकती है। हालांकि, इसकी उपलब्धता एयरलाइन के हिसाब से अलग होती है और दवा मिलने की गारंटी नहीं है। महिलाओं को अचानक पीरियड्स शुरू होने पर सैनिटरी पैड या टैम्पोन की जरूरत पड़ सकती है। कुछ एयरलाइंस विमान में ये चीजें रखती हैं। इन्हें टॉयलेट की दराज में खुद तलाशने के बजाय सीधे केबिन क्रू से मांगना बेहतर है।
गर्म पानी से लेकर ईयरप्लग तक
अगर आप चाय का टी-बैग या इंस्टेंट नूडल्स साथ लाए हैं, तो गर्म पानी के लिए क्रू से अनुरोध कर सकते हैं। सफर में जी मिचलाने या उल्टी की समस्या रहती है, तो पहले से सिकनेस बैग मांगकर रख लें। राइडेल के अनुसार, विमान में शोर से परेशानी होने पर ईयरप्लग भी मांगे जा सकते हैं। इसके अलावा अतिरिक्त पानी, अपनी बोतल दोबारा भरवाने और सैनिटरी वाइप्स के लिए भी पूछा जा सकता है।
राइडेल की सलाह है कि यात्रियों को अपनी जरूरत बताने में झिझकना नहीं चाहिए। केबिन क्रू ऐसे हालात से पहले भी गुजर चुका होता है और मदद करने की कोशिश कर सकता है। हालांकि, हर विमान में ये सभी चीजें उपलब्ध हों, यह जरूरी नहीं। फिर भी पूछने पर क्रू कोई दूसरा उपाय सुझा सकता है।












