बांका: बिहार में जमुई और समस्तीपुर के बाद अब बांका जिले से भी एक शर्मनाक घटना सामने आई है। यह मामला बांका के ऐतिहासिक पर्यटन स्थल मंदार पर्वत का है, जहां एक युवती के साथ छेड़छाड़ और मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ है। वीडियो में कुछ युवक युवती के साथ अभद्र व्यवहार करते और चप्पल से मारपीट करते हुए साफ नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आते ही पुलिस ने तुरंत इस मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस प्रेस नोट के मुताबिक, यह घटना असल में 3 जून की है, लेकिन इससे जुड़ा वीडियो पुलिस के संज्ञान में 22 सितंबर को आया। जैसे ही यह वीडियो पुलिस तक पहुंचा, बौंसी पुलिस ने बिना देर किए इसकी जांच शुरू कर दी।
सोशल मीडिया सेल से मिला वायरल वीडियो
जानकारी के अनुसार, 22 सितंबर को दोपहर करीब 2:45 बजे सोशल मीडिया सेल के माध्यम से यह वीडियो बौंसी थाना अध्यक्ष पंकज कुमार झा के व्हाट्सऐप पर पहुंचा। वीडियो सामने आते ही वरीय अधिकारियों के निर्देश पर थाना अध्यक्ष पुलिस बल के साथ तुरंत मंदार पर्वत के लिए रवाना हुए। दोपहर करीब 3 बजे पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वीडियो में दिख रही जगह का सत्यापन किया।
पुलिस जांच में यह वीडियो मंदार पर्वत का ही पाया गया। दर्ज प्राथमिकी के मुताबिक, वीडियो में छह अज्ञात युवक एक युवती के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार और अश्लील हरकतें करते दिखाई दे रहे थे। इस दौरान इन युवकों ने घटना का वीडियो भी खुद बनाया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया, इस बात का जिक्र भी प्राथमिकी में किया गया है।
तीन आरोपियों की हुई पहचान
बांका पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट में बताया गया कि जांच के दौरान छेड़खानी करने वाले युवकों में से तीन की पहचान अब्दुल्ला, नितिश कुमार राय और विकास के रूप में हुई है। पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा भी हुआ कि इन आरोपियों ने सिर्फ युवती और उसके दोस्त के साथ मारपीट और छेड़खानी ही नहीं की, बल्कि उनसे 1500 रुपये भी जबरन ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए। पुलिस ने बताया कि इन तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
दर्ज हुई प्राथमिकी
इस पूरे मामले में बौंसी थाना अध्यक्ष पंकज कुमार झा के बयान पर छह अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने वायरल वीडियो को इस मामले की जांच में एक अहम सबूत के तौर पर शामिल किया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 75, 76 और 3(5) के साथ-साथ आईटी एक्ट 2000 की धारा 66E और 67A के तहत मामला दर्ज किया गया है। मंदार पर्वत जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल से इस तरह की घटना सामने आने के बाद अब वहां की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल उठने लगे हैं।












