विरासत का वैभव, विकास की नई उड़ान, आईआईटीएफ में उत्तर प्रदेश का शाही अंदाज, 145 स्टॉलों पर दिखी हुनर

0
12

नई दिल्ली: हुनर की चमक, परंपराओं की खुशबू और विकास की नई इबारत भारत मंडपम में सजे 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में उत्तर प्रदेश ने अपनी समृद्ध विरासत और बदलती तस्वीर का ऐसा नजारा पेश किया है, जिसने प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को अंतरराष्ट्रीय मंच पर ला खड़ा किया है। ‘विकास और विरासत’ की थीम पर सजे उत्तर प्रदेश मंडप का मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल ने विधिवत उद्घाटन किया। 13 से 27 नवंबर तक चलने वाले इस मेले में उत्तर प्रदेश सहयोगी राज्य के रूप में अपनी भागीदारी निभा रहा है।

मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश की सदियों पुरानी शिल्पकला और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करते हुए स्थानीय कारीगरों, उद्यमियों और लघु उद्योगों को वैश्विक बाजार से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। व्यापार मेला प्रदेश के उत्पादों, औद्योगिक क्षमताओं और विकास उपलब्धियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण मंच है।

145 स्टॉलों में दिखा यूपी का हुनर

उत्तर प्रदेश मंडप में वाराणसी, लखनऊ, कन्नौज, मुरादाबाद, भदोही, आगरा, मेरठ, अलीगढ़, आजमगढ़, सहारनपुर, झांसी और गौतमबुद्ध नगर समेत विभिन्न जिलों के 145 स्टॉल लगाए गए हैं। भदोही के कालीन, मुरादाबाद के पीतल उत्पाद, कन्नौज का इत्र, बनारसी सिल्क, लखनऊ की चिकनकारी और लकड़ी के हस्तशिल्प आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। एक जनपद-एक उत्पाद योजना के जरिए स्थानीय कारीगरों और बुनकरों को बड़े बाजार तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

यूपी के जायके की भी होगी वैश्विक पहचान

इस बार हस्तशिल्प के साथ खानपान की विरासत भी विशेष आकर्षण है। एक जनपद-एक व्यंजन पहल के तहत आगरा का पेठा, कानपुर के ठग्गू के लड्डू, हाथरस की हींग और रबड़ी, मुजफ्फरनगर का गुड़, प्रतापगढ़ के आंवला उत्पाद, महोबा का देशावरी पान और औरैया का देसी घी प्रदर्शित किया गया है। मुख्य सचिव ने कहा कि इस पहल से पारंपरिक व्यंजनों की ब्रांडिंग, पैकेजिंग, गुणवत्ता और विपणन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही छोटे कारोबारियों और खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों के लिए रोजगार तथा स्वरोजगार के नए अवसर खुलेंगे।

उन्होंने बेहतर कनेक्टिविटी, एक्सप्रेस-वे, औद्योगिक गलियारों और निवेश अनुकूल वातावरण को प्रदेश की आर्थिक प्रगति का आधार बताया। उद्घाटन के बाद मुख्य सचिव ने अधिकारियों के साथ मंडप का भ्रमण कर हस्तशिल्पियों, बुनकरों और उद्यमियों से संवाद किया।
इस अवसर पर आयुक्त एवं निदेशक उद्योग के. विजयेन्द्र पांडियन, अपर आयुक्त उद्योग एवं प्रबंध निदेशक लघु उद्योग निगम रोहित आनंद सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here