हरियाणा/चरखी दादरी: सत्ता का काफिला जब जनता की आवाज सुनने के लिए ठहर जाए तो वह पल खास बन जाता है। शनिवार को चरखी दादरी के ढाणी फोगाट गांव में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का काफिला सड़क से गुजर रहा था, तभी ग्रामीणों पर नजर पड़ते ही उन्होंने अचानक गाड़ी रुकवा दी। सुरक्षा और सरकारी औपचारिकताओं के बीच मुख्यमंत्री सीधे लोगों के बीच पहुंच गए।
बिना कार्यक्रम के ग्रामीणों से किया संवाद
दरअसल मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी गांव पातुवास जा रहे थे। रास्ते में ढाणी फोगाट में ग्रामीणों को देखकर उन्होंने बिना किसी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के उनसे मुलाकात की। मुख्यमंत्री को अचानक अपने बीच पाकर ग्रामीणों में उत्साह की लहर दौड़ गई। लोगों ने भी खुलकर अपनी बात रखी और मुख्यमंत्री से सीधा संवाद किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गांव की समस्याओं, बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों की जानकारी ली। साथ ही प्रदेश सरकार के कामकाज को लेकर ग्रामीणों से फीडबैक भी लिया। उन्होंने लोगों की शिकायतें और सुझाव गंभीरता से सुने।
DC को समस्याओं के समाधान के निर्देश
मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद उपायुक्त मनदीप कौर को निर्देश दिए कि ग्रामीणों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाए और उनके समाधान के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को जनता के प्रति संवेदनशील और जवाबदेह रहने का संदेश दिया। इस अनौपचारिक मुलाकात में ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को आशीर्वाद दिया। बिना मंच और भाषण के हुआ यह संवाद गांव में चर्चा का विषय बन गया।












