नई दिल्ली: आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स की पहचान रहे महेंद्र सिंह धोनी के सफर को लेकर आई खबर के बाद उनके चाहने वालों के बीच भावुकता है। इस बीच उनकी पत्नी साक्षी धोनी ने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा किया है। उन्होंने माही के क्रिकेट सफर में साथ देने वाले फैंस का शुक्रिया अदा किया और उनके प्यार के लिए आभार जताया। साक्षी ने इंस्टाग्राम पर लिखा कि कुछ अध्यायों का खत्म होना जरूरी होता है, ताकि नई शुरुआत के लिए जगह बन सके। उन्होंने उन सभी लोगों का दिल से धन्यवाद किया, जिन्होंने वर्षों तक धोनी को प्यार दिया, उनका समर्थन किया और उन पर भरोसा बनाए रखा।
उनके मुताबिक, यह मायने नहीं रखता कि वे प्रशंसकों को व्यक्तिगत रूप से जानते हैं या नहीं, उनका स्नेह हमेशा याद रखा जाएगा। संदेश के आखिर में साक्षी ने आने वाले समय में नई शुरुआत, नए रोमांच और खूबसूरत यादों की उम्मीद जताई। उन्होंने धोनी से कहा कि उन्हें उन पर हमेशा गर्व रहेगा। साक्षी की इस पोस्ट को फैंस धोनी के आईपीएल सफर से जोड़कर देख रहे हैं।
चेन्नई सुपर किंग्स के साथ नई भूमिका में दिखेंगे धोनी
आईपीएल में खिलाड़ी के तौर पर उनका सफर भले ही खत्म हो रहा हो, लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स से उनका जुड़ाव बना रहेगा। फ्रेंचाइजी ने धोनी को आधिकारिक तौर पर टीम का मेंटर नियुक्त किया है। ऐसे में वह आगे भी टीम के साथ रहेंगे और अपने अनुभव से खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करेंगे। मैदान पर उनकी भूमिका बदल सकती है, लेकिन सीएसके के साथ उनका रिश्ता जारी रहेगा।
सीएसके को पांच बार बनाया चैंपियन
धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए कुल 16 सीजन खेले। उनकी कप्तानी में टीम ने पांच बार आईपीएल का खिताब जीता। सीएसके ने पहली बार 2010 में ट्रॉफी अपने नाम की थी। इसके बाद 2011, 2018, 2021 और 2023 में भी टीम चैंपियन बनी। इन सफलताओं ने धोनी और चेन्नई की टीम के रिश्ते को आईपीएल इतिहास में खास जगह दिलाई।
फिनिशर और कप्तान के रूप में याद रहेंगे माही
45 वर्षीय धोनी आईपीएल के सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों में गिने जाते हैं। दबाव के समय शांत रहकर मैच का रुख बदलना उनकी खास पहचान रही है। शानदार फिनिशर होने के साथ-साथ उन्होंने सफल कप्तान और प्रेरणादायक खिलाड़ी के तौर पर भी अपनी छाप छोड़ी। उनके खेल और नेतृत्व को सीएसके के प्रशंसक लंबे समय तक याद रखेंगे।











