नई दिल्ली: रोशनी के त्योहार पर राजधानी दिल्ली में कहीं दीप जगमगा रहे थे तो कहीं आग की लपटें आसमान छू रही थीं। आसमान में पटाखों की गूंज के बीच दमकल विभाग के फोन लगातार घनघनाते रहे। कहीं कचरे का ढेर धधक उठा तो कहीं फैक्ट्रियों और गोदामों से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। दिवाली की खुशियों के बीच अग्निकांडों ने राजधानी को दहला दिया।
दिल्ली दमकल विभाग मुख्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान दिल्ली फायर सर्विस के चीफ फायर ऑफिसर एके मालिक ने बताया कि आठ नवंबर को दिल्ली अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं को कुल 257 आपातकालीन कॉल प्राप्त हुईं। इनमें 214 कॉल आग लगने की घटनाओं से संबंधित थीं। यानी कुल कॉल में लगभग 83 प्रतिशत मामले आग से संबंधित थे। इनमें कचरे में आग लगने की 40 और पटाखों से संबंधित आग की 24 घटनाएं दर्ज की गईं। इन आंकड़ों ने एक बार फिर त्योहारों के दौरान राजधानी की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था के सामने खड़े खतरे को उजागर कर दिया।
रात के अंधेरे में आग का सबसे बड़ा हमला, दो घंटे में 85 कॉल
दिवाली के दिन सुबह से ही दमकल विभाग को आपातकालीन सूचनाएं मिलने का सिलसिला जारी रहा, लेकिन जैसे-जैसे रात गहराती गई आग की घटनाओं ने विकराल रूप लेना शुरू कर दिया। रात आठ से दस बजे के बीच हालात सबसे ज्यादा चुनौतीपूर्ण रहे। इस दौरान दमकल विभाग को 85 आपातकालीन कॉल मिलीं, जिनमें 84 कॉल आग से संबंधित थीं। इसके बाद रात दस से बारह बजे के बीच भी 61 कॉल प्राप्त हुईं, जिनमें 60 आग की घटनाओं से जुड़ी थीं।
आंकड़ों पर नजर डालें तो रात आठ बजे से मध्यरात्रि तक दमकल विभाग को लगातार आग की घटनाओं से जूझना पड़ा। इससे पहले रात 12:01 बजे से सुबह सात बजे तक 16 कॉल मिलीं जिनमें आग की 11 और पटाखों से जुड़ी तीन घटनाएं शामिल थीं। सुबह सात से दोपहर दो बजे तक 36 कॉल दर्ज की गईं। इनमें 19 आग और दो पटाखों से संबंधित थीं। दोपहर दो से चार बजे के बीच 14 तथा शाम चार से छह बजे के बीच 13 कॉल प्राप्त हुईं। शाम छह से आठ बजे तक 32 कॉल ने दमकल विभाग की सक्रियता और बढ़ा दी।
कचरे के ढेर बने आग के शोले पटाखों की चिंगारी ने बढ़ाई मुसीबत
दिवाली के दौरान आग लगने की घटनाओं में कचरे और पटाखों की भूमिका भी बड़ी चुनौती बनकर सामने आई। आंकड़ों के मुताबिक कचरे में आग लगने की 40 घटनाएं दर्ज की गईं, जबकि पटाखों से संबंधित आग की 24 घटनाओं ने दमकल विभाग को लगातार व्यस्त रखा। कई स्थानों पर छोटी दिखाई देने वाली आग ने भी दमकलकर्मियों को मौके पर पहुंचने और हालात संभालने के लिए मजबूर किया। आग के अलावा दमकल विभाग को पशु बचाव की 17 पक्षी बचाव की सात और मानव बचाव की पांच कॉल मिलीं। विशेष कार्य से संबंधित नौ तथा स्टैंड-बाय की तीन सूचनाएं भी प्राप्त हुईं। इसके अतिरिक्त मकान गिरने और सड़क दुर्घटना की एक-एक कॉल दर्ज की गई। इस तरह दिवाली पर अग्निशमन सेवा का दायरा केवल आग बुझाने तक सीमित नहीं रहा बल्कि राहत और बचाव के कई मोर्चों पर भी विभाग को सक्रिय रहना पड़ा।
फैक्ट्रियों और गोदामों में धधकी आग, औद्योगिक इलाकों में मचा हड़कंप
राजधानी के कई औद्योगिक और रिहायशी इलाकों में आग की गंभीर घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी। नांगली सकरावाती की श्मशान घाट वाली सड़क पर स्थित दो फैक्ट्रियों में आग लगने की घटनाएं सामने आईं। वहीं नरेला औद्योगिक क्षेत्र में फैक्टरी में आग की सूचना ने दमकल विभाग को सक्रिय कर दिया। सफदरजंग हवाई अड्डे के नजदीक एनडीएमसी के गोदाम में भी आग लगने की घटना दर्ज की गई।
इसके अलावा लिबासपुर के गोदाम समेत अन्य स्थानों पर फैक्ट्रियों, मकानों और दुकानों में आग लगने की घटनाएं सामने आईं। इनमें कुछ आग मध्यम श्रेणी की थीं, जबकि कुछ को मेक-04 यानी प्रमुख अग्निकांड की श्रेणी में रखा गया। इन घटनाओं में आग की गंभीरता को देखते हुए दमकलकर्मियों को राहत एवं बचाव अभियान में जुटना पड़ा। औद्योगिक प्रतिष्ठानों में आग की घटनाओं ने एक बार फिर अग्नि सुरक्षा इंतजामों और आपातकालीन तैयारियों पर सवाल खड़े किए।
जान की बाजी लगाकर आग से लड़े दमकलकर्मी, छह घायल
दिवाली की रात आग बुझाने का अभियान दमकलकर्मियों के लिए भी जोखिम भरा साबित हुआ। आग की घटनाओं के दौरान एक व्यक्ति की मौत दर्ज की गई, जबकि दिल्ली अग्निशमन सेवा के छह कर्मचारियों को गैर-घातक चोटें आईं। पश्चिम विहार के एसटीओ नवीन ठाकुर नांगली सकरावाती में मध्यम श्रेणी की आग बुझाने के दौरान घायल हो गए। उनके दाहिने हाथ में जलन आई। वहीं वजीरपुर के एसओ सीता राम को लिबासपुर स्थित गोदाम में आग बुझाने के दौरान हाथ में फ्रैक्चर हो गया। अन्य कर्मचारियों को भी हाथ और पैरों में चोटें आईं।
एक तरफ राजधानी में लोग दीपावली का जश्न मना रहे थे वहीं दूसरी तरफ दमकलकर्मी अपनी जान जोखिम में डालकर आग की लपटों से मुकाबला कर रहे थे। इन कर्मचारियों की चोटें इस बात की गवाही देती हैं कि त्योहार के दौरान अग्निशमन सेवा की जिम्मेदारी कितनी चुनौतीपूर्ण हो जाती है।
पिछले वर्षों से तुलना: आंकड़ों में राहत, लेकिन खतरा बरकरार
दिवाली 2026 के दौरान कुल 257 आपातकालीन कॉल दर्ज की गईं। पिछले वर्षों के आंकड़ों से तुलना करें तो इस बार कॉल की संख्या में कमी दिखाई देती है। वर्ष 2025 में 269, वर्ष 2024 में 318, वर्ष 2023 में 208 और वर्ष 2015 में 290 कॉल दर्ज की गई थीं। वहीं दिवाली की रात शाम छह बजे से अगली सुबह छह बजे तक प्राप्त कॉल का आंकड़ा 281 रहा। वर्ष 2025 में इसी अवधि में 283 और वर्ष 2024 में 320 कॉल प्राप्त हुई थीं। इस लिहाज से रात की आपातकालीन कॉल में पिछले दो वर्षों के मुकाबले मामूली कमी दर्ज की गई। हालांकि कुल आंकड़ों में कमी को पूरी तरह राहत नहीं माना जा सकता। आग से संबंधित 214 कॉल, कचरे में आग की 40 घटनाएं और पटाखों से जुड़ी 24 घटनाएं बताती हैं कि राजधानी में अग्नि सुरक्षा की चुनौती अब भी गंभीर बनी हुई है।
रोशनी के त्योहार में सुरक्षा का सबक
दिवाली 2026 ने दिल्ली को एक बार फिर यह एहसास करा दिया कि थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े अग्निकांड का रूप ले सकती है। पटाखों से उठी चिंगारी, कचरे में लगी आग और औद्योगिक प्रतिष्ठानों में हुए अग्निकांडों ने दमकल विभाग को पूरे त्योहार के दौरान व्यस्त रखा। आंकड़ों में भले ही पिछले वर्षों की तुलना में कुछ कमी दिखाई दी हो, लेकिन 214 आग संबंधी कॉल राजधानी के लिए चेतावनी से कम नहीं हैं। दीपों की रोशनी के बीच आग की लपटों से जूझते दमकलकर्मियों ने एक बार फिर साबित किया कि दूसरों की सुरक्षा के लिए वे हर खतरे से मुकाबला करने को तैयार हैं।











