नई दिल्ली: पहले जमाना था जब लोग नई चीजें खरीदकर दिखाते थे। नया फोन, नए कपड़े, नया मेकअप सोशल मीडिया पर यही सब चलता था। जो जितना ज्यादा खरीदेगा, वो उतना ही कूल लगेगा। लेकिन अब कहानी बदल गई है। अब Gen Z कुछ नया खरीदकर नहीं, बल्कि कुछ ना खरीदकर कूल बन रहा है। जी हां, सही सुना आपने। इस नए ट्रेंड का नाम अंडरकंजम्पशन कोर है। इसमें लोग बताते हैं कि उन्होंने क्या-क्या नहीं खरीदा। कोई कहता है, मैंने 6 महीने से नया कपड़ा नहीं खरीदा। कोई कहता है, मेरा पुराना फोन अभी भी चल रहा है, तो नया क्यों लूं। कोई कहता है,
जब तक पुरानी चीज चले, नई की जरूरत नहीं
जब तक पुरानी लिपस्टिक खत्म नहीं होगी, नई नहीं लूंगी। मतलब सीधा है। जब तक पुरानी चीज काम कर रही है, तब तक नई चीज खरीदने की जरूरत नहीं है। अब आप सोचेंगे, ये अचानक क्यों हो रहा है? इसकी एक बड़ी वजह है सोशल मीडिया। हर दिन हम फोन खोलते हैं तो नए-नए शॉपिंग वीडियो आ जाते हैं। इन्फ्लुएंसर कहते हैं, ये खरीद लो, वो खरीद लो। कपड़े, मेकअप, स्किनकेयर, जूते की लिस्ट खत्म ही नहीं होती। देख-देखकर मन करता है कि हम भी खरीद लें। कई बार हम ऐसी चीजें खरीद लेते हैं जिनकी हमें सच में जरूरत ही नहीं होती। बस इसलिए कि ट्रेंड में बने रहना है।
खरीदारी की थकान से निकला नया ट्रेंड
कई बार सामान खरीदने के बाद लगता है कि बेकार में पैसे खर्च कर दिए। अलमारी में कपड़े भरे होते हैं, फिर भी लगता है कि पहनने के लिए कुछ नहीं है। मेकअप का सामान भी पड़ा रहता है, जिसमें से आधा कभी इस्तेमाल ही नहीं होता। इसी परेशानी से बचने के लिए Gen Z ने यह नया ट्रेंड अपनाया है। अब युवा कह रहे हैं कि दिखावे के लिए सामान खरीदने की जरूरत नहीं है। द गार्जियन की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस ट्रेंड में लोग पुराने कपड़े पहनने, घर में रखी चीजों का दोबारा इस्तेमाल करने और फालतू की खरीदारी से बचने पर जोर दे रहे हैं। इसका फायदा यह है कि पैसे भी बचते हैं और बेवजह की टेंशन भी कम होती है।
समझदारी है, कंजूसी नहीं
बार-बार कुछ नया खरीदने का प्रेशर खत्म हो जाता है। और हां, ये सिर्फ कंजूसी नहीं है। ये समझदारी है। लोग अब ये समझ गए हैं कि अच्छी जिंदगी जीने के लिए हर बार कुछ नया खरीदना जरूरी नहीं है। पुरानी चीजों में भी खुशी मिल सकती है। तो क्या ये महंगाई की मार है या नया ट्रेंड? शायद दोनों हैं। महंगाई ने लोगों को सोचना सिखाया और सोशल मीडिया ने उन्हें ये बताना सिखाया कि कम में भी खुश रहा जा सकता है। अगर आप भी हर हफ्ते कुछ न कुछ नया खरीद लेते हैं, तो एक बार रुककर सोचिए। शायद आपकी अलमारी में ही आपकी जरूरत की चीज पड़ी हो।










