फर्जी हस्ताक्षर कर मकान का इकरारनामा तैयार करने के मामले में थाना शहर रतिया पुलिस की कार्रवाई, चौथा आरोपी गिरफ्तार

0
8

रतिया: फतेहाबाद पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी करने के एक मामले में कार्रवाई करते हुए चौथे आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रजत सिंगला पुत्र विजेंद्र सिंगला निवासी वार्ड नंबर 17, शिव नगर, भट्टू रोड, फतेहाबाद के रूप में हुई है। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा। इस मामले में तीन आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

फर्जी हस्ताक्षरों से 40 लाख रुपये में मकान बेचने का इकरारनामा तैयार करने का आरोप

थाना शहर रतिया प्रभारी उपनिरीक्षक प्रवीन ने बताया कि यह मामला रतिया निवासी एक महिला की शिकायत पर दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता के अनुसार, वह अनाज मंडी रतिया स्थित एक फर्म की प्रोपराइटर है। आरोप है कि उसके परिवार एवं फर्म से संबंधित दस्तावेजों का दुरुपयोग कर 26 अप्रैल 2022 को उसके फर्जी हस्ताक्षरों से मकान बेचने का इकरारनामा तैयार किया गया। इसमें मकान की कीमत 40 लाख रुपये तथा 15 लाख रुपये अग्रिम प्राप्त करना दर्शाया गया था।

अदालत से समन मिलने पर हुआ मामले का खुलासा

शिकायतकर्ता को जुलाई 2022 में अदालत से समन मिलने पर उक्त इकरारनामे की जानकारी हुई। महिला ने दस्तावेज पर अपने हस्ताक्षर होने और किसी प्रकार की राशि प्राप्त करने से इनकार किया। शिकायत के अनुसार, हस्तलेखन विशेषज्ञ की जांच में भी इकरारनामे पर किए गए हस्ताक्षर वास्तविक हस्ताक्षरों से अलग पाए गए।

चौथा आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

इस संबंध में थाना शहर रतिया में अभियोग संख्या 370, दिनांक 20 दिसंबर 2022, धारा 420, 465, 467, 468 व 471, 120 B आईपीसी के तहत मामला दर्ज किया गया था।पुलिस ने मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए चौथे आरोपी रजत सिंगला को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले की गहनता से जाँच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here