दिल्ली में आज इंडिया गेट से सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकालेंगे राहुल गांधी, CJP नेता भी पहुंचेंगे थाने

0
12

नई दिल्ली: दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन को लेकर सोमवार को भी सियासी हलचल तेज रहने वाली है। पिछले दो दिनों से प्रदर्शन की कोशिश कर रहे युवाओं के बीच पुलिस की सख्ती जारी है। अब विपक्ष ने भी सड़क पर उतरने की तैयारी कर ली है। राहुल गांधी इंडिया गेट से सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकालेंगे, जबकि CJP नेता जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति मांगने संसद मार्ग थाने पहुंचेंगे। ऐसे में राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था के बीच राजनीतिक गतिविधियों पर सबकी नजर रहेगी।

राहुल गांधी ने सोमवार दोपहर 1:30 बजे विपक्षी नेताओं के साथ इंडिया गेट से मार्च शुरू करने का ऐलान किया है। यह मार्च सुप्रीम कोर्ट तक जाएगा। इसके बाद राहुल गांधी और विपक्षी नेता मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत से मिलने की कोशिश करेंगे। हालांकि, सीजेआई ने एक दिन पहले ही मुलाकात से इनकार कर दिया था। इसके बावजूद कांग्रेस नेता ज्ञापन सौंपने और अपनी बात रखने पर अड़े हैं। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान दिल्ली में बैरिकेडिंग हटाने और लोगों की आवाजाही आसान बनाने की बात कही थी। अदालत ने इंटरनेट सेवाएं बहाल करने और मेट्रो का संचालन सामान्य करने पर भी जोर दिया था। इसके बावजूद सोमवार को छह मेट्रो स्टेशनों को बंद रखने का फैसला किया गया है।

सीजेआई ने मिलने का समय देने से किया इनकार

कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी ने पत्र लिखकर मुख्य न्यायाधीश से मिलने का समय मांगा था। वे चुनाव आयोग से जुड़े मामले में हस्तक्षेप का अनुरोध करना चाहते थे। हालांकि, सीजेआई सूर्यकांत ने उनकी मांग स्वीकार नहीं की। सूत्रों के अनुसार, मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि जिस मुद्दे पर विपक्षी नेता बातचीत करना चाहते हैं, उस पर अदालत में सुनवाई चल रही है। इसलिए इस विषय पर अलग से चर्चा करना उचित नहीं होगा। इससे पहले इंडिया गठबंधन के नेताओं ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा था और अपनी चिंताओं से अवगत कराया था।

राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने लोगों से मार्च में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने इसे वोटिंग राइट्स बचाने की लड़ाई बताया और लोकतंत्र की रक्षा के लिए आगे आने को कहा। कांग्रेस नेताओं ने इसे ‘करो या मरो’ की लड़ाई करार दिया है।

CJP नेता सुबह 10 बजे जाएंगे थाने

CJP नेता आशुतोष रांका ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बताया कि वह सोमवार सुबह 10 बजे संसद मार्ग थाने जाएंगे। उनके साथ सह-संयोजक सौरव दास, कानूनी टीम की प्रमुख रत्ना सिंह और अन्य नेता भी मौजूद रहेंगे। वे जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए नई तारीख मांगेंगे। वहीं, CJP संस्थापक अभिजीत दीपके के थाने पहुंचने पर स्थिति स्पष्ट नहीं है। वह अपने पैतृक गांव में हैं, जहां शनिवार को उनकी दादी का निधन हो गया था। सोमवार को विपक्ष के मार्च और CJP नेताओं की गतिविधियों के मद्देनजर दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था अहम रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here