नई दिल्ली: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में सिंधु नदी पर बन रहे तरबेला हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट में बड़ा हादसा हो गया है। निर्माणाधीन तरबेला 5वें एक्सटेंशन प्रोजेक्ट में खुदाई के दौरान एक चट्टान ढह गई। इससे टनल एरिया में तेजी से पानी घुस गया। पानी इनटेक पिट से होते हुए अंदर पहुंचा, जहां बड़ी संख्या में कामगार और इंजीनियर पावरहाउस एरिया में काम कर रहे थे।
पानी के अचानक भरने से अंदर मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। सभी को इमरजेंसी में बाहर निकालना पड़ा। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। हालांकि, पानी भरने से तरबेला 5वें एक्सटेंशन हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट का काम पूरी तरह रुक गया है।
WAPDA ने की हादसे की पुष्टि
पाकिस्तान के वॉटर एंड पावर डेवलपमेंट अथॉरिटी ने इस दुर्घटना की पुष्टि की है। WAPDA ने बताया कि 9 नवंबर को खुदाई के दौरान एक ढीली चट्टान ढह गई। इससे डैम में स्टोर पानी का स्तर बढ़ गया और वह इनटेक पिट के रास्ते टनल 5 और पावरहाउस क्षेत्र में भर गया। हालात को देखते हुए पाकिस्तानी और विदेशी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पानी में बहे एक पाकिस्तानी कर्मचारी को भी सुरक्षित निकाल लिया गया।
पाकिस्तान से बड़ी खबर! पाकिस्तान की बहुचर्चित चीन समर्थित T5 जलविद्युत परियोजना को बड़ा झटका लगा है। तरबेला डैम पर बनी T5 डैम का बांध टूट गया है, जिससे पानी सीधे T5 सुरंग में घुस गया और एक बड़े हादसे का खतरा बढ़ गया है। पाकिस्तानी और चीनी मजदूरों को वहाँ से निकाला जा रहा है। यह परियोजना पहले से ही करोड़ों डॉलर के भ्रष्टाचार घोटाले में फंसी हुई थी और अब इसके निर्माण की गुणवत्ता और सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
— Anant (@singh31919) November 9, 2026
दुनिया का सबसे बड़ा मिट्टी-पत्थर का बांध
तरबेला हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट दुनिया का सबसे बड़ा मिट्टी और पत्थर से भरा बांध है। यह पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद से 50 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में स्थित है। इसका निर्माण 1976 में शुरू हुआ था। इसका मुख्य उद्देश्य सिंचाई, बाढ़ नियंत्रण और बिजली उत्पादन है। आज इसके 5वें एक्सटेंशन का निर्माण किया जा रहा है।
तरबेला पावर स्टेशन की कुल स्थापित क्षमता 4888 मेगावाट है। हालांकि, यह क्षमता से कम बिजली उत्पादन कर रहा है। पाकिस्तान का दावा है कि भविष्य में इस पावर स्टेशन की क्षमता और बढ़ेगी। 5वां एक्सटेंशन इसी योजना का हिस्सा है।
पानी निकालने में जुटा पाकिस्तान
WAPDA ने कहा है कि इनटेक पिट से पानी निकाल दिया गया है। पावरहाउस समेत दूसरी जगहों से पानी और मलबा निकालने का काम जारी है। उसने दावा किया कि इस हादसे में पावरहाउस या डैम को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है, न ही प्रोजेक्ट की संरचना प्रभावित हुई है। इस मामले की जांच हरिपुर के डिप्टी कमिश्नर को सौंपी गई है। जांच पूरी होने तक तरबेला 5वें एक्सटेंशन हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट के निर्माण कार्य को रोक दिया गया है।











