छठ पर घर जाने वालों के लिए रेलवे का बड़ा इंतजाम, दिल्ली से आज 31 स्पेशल ट्रेनें

0
6

नई दिल्ली। दिवाली का त्योहार समाप्त होते ही छठ पूजा मनाने के लिए अपने पैतृक क्षेत्रों की ओर लौटने वाले लोगों की आवाजाही तेज हो गई है। दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त ट्रेनें चलाने की तैयारी की है। बुधवार को दिल्ली से पूर्वी दिशा की ओर जाने वाली 31 विशेष ट्रेनें चलाने का कार्यक्रम है। स्टेशनों पर छठ पूजा के गीतों की गूंज भी त्योहार के माहौल का अहसास करा रही है।

नई दिल्ली और आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर सबसे ज्यादा भीड़

यात्रियों की सबसे अधिक भीड़ नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और आनंद विहार टर्मिनल पर देखने को मिल रही है। पूर्वी भारत की ओर जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए इनके अलावा पुरानी दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन और शकूरबस्ती स्टेशनों से भी विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। मंगलवार को दिल्ली क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख स्टेशनों से 27 स्पेशल ट्रेनें रवाना की गईं।

यात्रियों की संख्या के अनुसार चलाई जाएंगी अतिरिक्त ट्रेनें

उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय के अनुसार, रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की संख्या और भीड़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। जिन रूटों पर अतिरिक्त ट्रेनों की जरूरत महसूस होगी, वहां मांग के अनुसार नई विशेष ट्रेनें चलाने की योजना बनाई जाएगी।

अचानक बढ़ी मांग तो चार अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें चलाईं

कुछ रूटों पर यात्रियों की संख्या में अचानक हुई बढ़ोतरी को देखते हुए रेलवे ने कम समय के नोटिस पर चार अनारक्षित विशेष ट्रेनें चलाने का प्रबंध किया। स्टेशनवार आंकड़ों के अनुसार, आनंद विहार टर्मिनल से नौ, नई दिल्ली से छह, शकूरबस्ती से पांच, हजरत निजामुद्दीन से तीन, दिल्ली जंक्शन से तीन और रोहतक से एक विशेष ट्रेन चलाई गई।

चंडीगढ़-बरौनी के बीच आरक्षित स्पेशल ट्रेन का ऐलान

दूसरी ओर, चंडीगढ़ से बिहार जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए उत्तर रेलवे के अंबाला मंडल ने चंडीगढ़ और बरौनी के बीच आरक्षित विशेष ट्रेन चलाने का फैसला किया है। रेलवे की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, ट्रेन नंबर 04538 चंडीगढ़-बरौनी स्पेशल 10 नवंबर को रात 10 बजे चंडीगढ़ स्टेशन से रवाना होगी।

तीसरे दिन सुबह 3:30 बजे पहुंचेगी बरौनी

यह ट्रेन अंबाला छावनी, यमुनानगर, सहारनपुर, मुरादाबाद, लखनऊ, वाराणसी और छपरा समेत निर्धारित स्टेशनों से होकर गुजरेगी। रेलवे की समय-सारणी के अनुसार, यह तीसरे दिन सुबह 3:30 बजे बरौनी पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन नंबर 04537 बरौनी-चंडीगढ़ आरक्षित विशेष ट्रेन 12 नवंबर को सुबह 6:30 बजे बरौनी से रवाना होगी। रेलवे के इस इंतजाम से छठ पूजा के अवसर पर चंडीगढ़ और बिहार के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here