नवरात्रि-दिवाली के बचे फूल फेंकने की बजाय बनाएं खुशबूदार धूप कोन, घर पर ऐसे करें तैयार

0
10

नई दिल्ली: नवरात्रि और दिवाली में घर में पूजा के लिए ढेर सारे फूल आते हैं। लेकिन कुछ दिन बाद ये फूल सूख जाते हैं और हम इन्हें कचरे में फेंक देते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इन्हीं सूखे फूलों से आप घर पर ही धूप कोन बना सकते हैं? यह फूलों को दोबारा इस्तेमाल करने का सबसे आसान तरीका है। इससे आपके पैसे भी बचेंगे और घर में शुद्ध खुशबू भी रहेगी। चलिए जानते है कि आप सूखे फूलों से धूप कैसे बना सकते हैं।

धूप कोन बनाने का सामान

इसके लिए आपको चाहिए 2 कप सूखे गेंदा और गुलाब के फूल, आधा कप सूखा नारियल का छिलका, 2 तेज पत्ते, 10 भीमसेनी कपूर के टुकड़े, 3 दालचीनी की डंडी, 10 से 15 लौंग, 2 छोटा चम्मच घी और थोड़ा सा गुलाब चाहिए होगा। ध्यान रखें फूल और नारियल का छिलका एकदम सूखा होना चाहिए, वरना कोन सूखने में बहुत टाइम लगेगा।

धूप बनाने का आसान तरीका 

सबसे पहले फूलों को हाथ से छोटे-छोटे टुकड़ों में तोड़ लें। फिर इन्हें नारियल के छिलके, तेज पत्ता, दालचीनी, लौंग और कपूर के साथ मिक्सर में डालकर पीस लें। बहुत बारीक पाउडर बनाने की जरूरत नहीं है, हल्का दरदरा भी चलेगा। अब इस पाउडर में 2 चम्मच घी डालकर अच्छे से मिलाएं। फिर थोड़ा-थोड़ा गुलाब जल डालते हुए आटे की तरह गूंथ लें। मिश्रण ज्यादा गीला नहीं होना चाहिए, बस इतना कि हाथ से कोन बन जाए।

अब थोड़ा-थोड़ा मिश्रण लेकर हाथ से कोन का शेप दे दें। अगर कोन नहीं बन रहा है तो आप छोटी-छोटी टिकिया या लंबी बत्ती जैसा भी बना सकते हैं। कोशिश करें कि इसे ज्यादा मोटा न बनाएं ताकि जल्दी सूख जाए। बने हुए कोन को एक प्लेट में रखकर 1 से 2 दिन धूप में सुखाएं। अंदर तक सूखने के बाद ही इसका इस्तेमाल करें, नहीं तो यह जलेगा नहीं।

इन बातों का रखें ध्यान

फूलों में धागा, प्लास्टिक या कोई कचरा न हो। फफूंद लगे या बदबू वाले फूलों का इस्तेमाल बिल्कुल न करें। भीमसेनी कपूर जल्दी आग पकड़ लेता है, इसलिए इसे संभाल कर रखें। जब कोन सूख जाए तो इसे धूपदान में जलाएं और हवादार जगह पर रखें। जलती धूप को अकेला छोड़कर न जाएं। अगर किसी को धुएं से दिक्कत हो तो तुरंत इसे बुझा दें और खिड़की खोल दें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here