चोरों का खेल खत्म! सात चोरी के दोपहिया वाहन बरामद

0
11

नई दिल्ली: राजधानी में वाहन चोरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आउटर नॉर्थ जिला पुलिस की वाहन चोरी निरोधक दस्ता (एएटीएस) टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी के सात दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। पुलिस की तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर हुई इस कार्रवाई से वाहन चोरी के कई मामलों का खुलासा हुआ है।

बाहरी उत्तरी जिला डीसीपी शोभित डी सक्सेना ने बताया कि पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद सेक्टर-11 रोहिणी के पास घेराबंदी कर अविनाश उर्फ छोटू (19) को उस समय पकड़ा गया जब वह चोरी की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चला रहा था। जांच में यह मोटरसाइकिल प्रशांत विहार थाना क्षेत्र से चोरी की निकली।

पूछताछ में खुलीं चोरी की परतें

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने एक साथी के साथ मिलकर वाहन चोरी करने की बात बताई। उसकी निशानदेही पर सेक्टर-26, रोहिणी में द्वारिकाधीश अपार्टमेंट के पास स्थित डीडीए के एक खाली प्लॉट से छह और दोपहिया वाहन बरामद किए गए। इनमें चार मोटरसाइकिल और दो स्कूटी शामिल हैं। इस तरह कुल सात चोरी के वाहन पुलिस के हाथ लगे। बरामद वाहनों में तीन मामले समयपुर बादली, एक प्रशांत विहार, एक अलीपुर, एक रानी बाग और एक मंगोलपुरी थाना क्षेत्र से संबंधित हैं।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई

यह कार्रवाई संयुक्त पुलिस आयुक्त उत्तरी रेंज विजय कुमार के निर्देश पर।अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त प्रथम लोकेश्वरन आर. के मार्गदर्शन और सहायक पुलिस आयुक्त ऑपरेशन दिनेश कुमार की निगरानी में की गई। टीम का नेतृत्व निरीक्षक आनंद कुमार झा प्रभारी एएटीएस आउटर नॉर्थ जिला ने किया। पुलिस अब आरोपी के साथी की तलाश कर रही है। साथ ही अन्य वाहन चोरी की वारदातों में उसकी संभावित संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here