JPSC-JSSC परीक्षा विवाद गरमाया, 10 अगस्त को विधानसभा कूच का ऐलान

0
7
student protest
student protest

रांची: झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित धांधली को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है. अब प्रदर्शन कर रहे छात्र 10 अगस्त को विधानसभा घेराव की तैयारी में जुट गए हैं. छात्र संगठनों ने प्रदेशभर के अभ्यर्थियों से बड़ी संख्या में रांची पहुंचने की अपील की है.

आंदोलन से जुड़े छात्र नेताओं ने सभी प्रदर्शनकारियों को 10 अगस्त की सुबह 10 बजे से पहले पुरानी विधानसभा के पास पहुंचने को कहा है. योजना के मुताबिक, पहले सभी छात्र वहां एकत्र होंगे और इसके बाद एकजुट होकर पैदल मार्च करते हुए नई विधानसभा की ओर बढ़ेंगे.

शांतिपूर्ण रहेगा विधानसभा मार्च

छात्र नेताओं ने साफ किया है कि 10 अगस्त का मार्च शांतिपूर्ण तरीके से किया जाएगा. हाल ही में जंतर-मंतर पर हुए हंगामे को देखते हुए प्रदर्शनकारियों को खास तौर पर संयम बनाए रखने की सलाह दी गई है. छात्रों से कहा गया है कि मार्च के दौरान किसी तरह का विवाद, तोड़फोड़, नारेबाजी के नाम पर उपद्रव या कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाली गतिविधि न की जाए. 

आंदोलनकारी संगठनों का कहना है कि अब तक उनका प्रदर्शन अनुशासित और शांतिपूर्ण रहा है और इसी वजह से उनकी आवाज को व्यापक समर्थन मिला है. उनका मानना है कि शांतिपूर्ण आंदोलन के दबाव में सरकार को भी छात्रों की मांगों पर ध्यान देना पड़ा है. इसलिए प्रदर्शन की छवि को किसी भी स्थिति में खराब नहीं होने देना है.

‘बड़ी संख्या में पहुंचेंगे छात्र तो मजबूत होगी आवाज’

छात्र संगठनों ने प्रदर्शन में शामिल होने वाले युवाओं से एकजुटता दिखाने की अपील की है. उनका कहना है कि आंदोलन की सबसे बड़ी ताकत छात्रों की संख्या और एकता है. संगठनों के मुताबिक, जितने अधिक अभ्यर्थी रांची पहुंचेंगे, सरकार तक उनकी मांगों की आवाज उतनी ही मजबूती से पहुंचेगी. इसी वजह से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से छात्रों को विधानसभा मार्च में शामिल होने के लिए कहा जा रहा है.

छात्र नेताओं ने प्रशासन की ओर से बसों को रोके जाने की संभावित आशंका को देखते हुए बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों को रविवार को ही रांची पहुंचने की सलाह दी है. जिन इलाकों से ट्रेन की सुविधा उपलब्ध है, वहां के छात्रों से बस के बजाय रेल मार्ग से यात्रा करने को कहा गया है. संगठनों का कहना है कि इससे छात्रों को समय पर रांची पहुंचने और तय समय पर विधानसभा मार्च में शामिल होने में आसानी होगी.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here