नई दिल्ली: आईफोन खरीदने का सपना देखने वालों के लिए एक नई खबर आई है, और यह जेब पर थोड़ी भारी पड़ सकती है। सितंबर में iPhone 18 Pro सीरीज और अपना पहला फोल्डेबल iPhone Duo लॉन्च करने के बाद, Apple कथित तौर पर मार्च 2027 में स्टैंडर्ड iPhone 18 लाने की तैयारी में है। उम्मीद है कि यह कंपनी का अब तक का सबसे महंगा स्टैंडर्ड आईफोन होगा।
iPhone 17 को भारत में 79,900 रुपये में उतारा गया था, लेकिन अब इसकी आधिकारिक कीमत बढ़कर 99,900 रुपये हो चुकी है। लीक के मुताबिक, iPhone 18 की भारत में कीमत 1 लाख रुपये से ज्यादा हो सकती है। अनुमान है कि यह 1,10,990 रुपये से 1,19,990 रुपये के बीच रहेगी।
iPhone 18 के साथ और कौन से मॉडल आ सकते हैं
टाइम्सनाउ की रिपोर्ट्स के अनुसार, अगले साल मार्च में स्टैंडर्ड iPhone 18 के साथ iPhone 18e और iPhone Air 2 भी देखने को मिल सकते हैं। कहा जा रहा है कि फोन का प्रोडक्शन नवंबर 2026 के अंत में शुरू होगा। हालांकि, Apple ने लॉन्च की तारीख या कीमत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। इसलिए सटीक कीमत, स्पेसिफिकेशन्स और लॉन्च डेट के लिए कंपनी की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना बेहतर होगा।
डिस्प्ले और परफॉर्मेंस
iPhone 18 में iPhone 17 जैसी ही 6.3-इंच की LTPO OLED डिस्प्ले मिलने की उम्मीद है। स्क्रीन 120 हर्ट्ज रिफ्रेश रेट को सपोर्ट कर सकती है, जिससे स्क्रॉलिंग और एनिमेशन ज्यादा स्मूथ दिखेंगे। छोटे डायनामिक आइलैंड की भी अफवाहें हैं, लेकिन यह साफ नहीं है कि Apple इसे स्टैंडर्ड मॉडल में देगा या नहीं। फोन में Apple का A20 चिपसेट हो सकता है, जो कथित तौर पर 2nm मैन्युफैक्चरिंग प्रोसेस पर बना है। इससे मौजूदा पीढ़ी के मुकाबले बेहतर परफॉर्मेंस और पावर एफिशियंसी मिलने की संभावना है।
रैम, कैमरा और दूसरे फीचर्स
Apple इस बार मेमोरी भी अपग्रेड कर सकता है। एनालिस्ट मिंग-ची कू ने 9GB रैम का सुझाव दिया है, जबकि एनालिस्ट जेफ पु का मानना है कि फोन 12GB रैम के साथ आ सकता है। अब देखना यह होगा कि कंपनी कितनी रैम देती है। कैमरे की बात करें तो iPhone 18 में डुअल रियर कैमरा सेटअप बने रहने की उम्मीद है। इसमें Apple का C2 मॉडेम भी हो सकता है, हालांकि कनेक्टिविटी में कितना सुधार होगा, इस पर अभी जानकारी नहीं है। कुछ लीक यह भी बताते हैं कि Apple इसे नए कलर्स और बेहतर बैटरी कैपेसिटी के साथ ला सकता है।
ये सभी जानकारियां लीक और रिपोर्ट्स पर आधारित हैं, इसलिए अंतिम तस्वीर कंपनी की घोषणा के बाद ही साफ होगी।












