अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे लोगों से भरी नाव पलटी, 24 की मौत; कई लोग लापता

0
12

नई दिल्ली: दक्षिणी नाइजीरिया में अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे लोगों की यात्रा मातम में बदल गई। यात्रियों से भरी एक नाव शुक्रवार को बायेलसा राज्य में पलटकर डूब गई। हादसे में अब तक 24 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 24 अन्य को बचाकर अस्पताल पहुंचाया गया है। लापता लोगों की तलाश जारी है। नाइजीरिया की राष्ट्रीय आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी के प्रवक्ता मांज़ो एजेकी ने बताया कि नाव यात्रियों को एक समुदाय से दूसरे समुदाय में अंतिम संस्कार के लिए ले जा रही थी। इसी दौरान साउथ-साउथ क्षेत्र के बायेलसा राज्य में यह हादसा हुआ। नाव में कुल कितने लोग सवार थे, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

एजेकी के मुताबिक, राहत और बचाव दल पानी में लापता यात्रियों को खोज रहे हैं। अधिकारियों ने अभी यह भी नहीं बताया है कि कितने लोग लापता हैं। पुलिस प्रवक्ता मूसा मोहम्मद ने बताया कि 24 लोगों को बचा लिया गया है और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, नाव में तकनीकी खराबी आने के बाद स्थिति बिगड़ी। यात्रियों ने चालक से नाव को किनारे की तरफ ले जाने के लिए कहा था, ताकि वे सुरक्षित बाहर निकल सकें।

तकनीकी खराबी के बाद चालक पर लापरवाही का आरोप

पुलिस प्रवक्ता मूसा मोहम्मद के अनुसार, शुरुआती रिपोर्ट में सामने आया है कि यात्रियों के अनुरोध के बावजूद चालक ने नाव को किनारे की ओर मोड़ने से इनकार कर दिया। आरोप है कि हादसे के बाद वह मौके से फरार हो गया। पुलिस ने नाव के प्रबंधक को हिरासत में लिया है। मामले की जांच जारी है।

सरकार ने सुरक्षा नियमों पर दिया जोर

हादसे के बाद बायेलसा राज्य सरकार ने नाव संचालकों और यात्रियों से जल यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। राज्य के सूचना आयुक्त एबिउवौ कोकू-ओबियाई ने शनिवार को बयान जारी कर ओवरलोडिंग, तेज रफ्तार और लापरवाही से बचने को कहा। उन्होंने यात्रियों से लाइफ जैकेट पहनकर ही नाव में सफर करने की अपील की। बयान में कहा गया कि नावों में क्षमता से अधिक लोगों को बैठाना और बिना सुरक्षा इंतजामों के यात्रा करना बंद होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी यात्रा किसी की जान से बढ़कर नहीं है। इस बीच, बचाव दल लापता यात्रियों की तलाश में जुटे हैं।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here