नई दिल्ली: लीबिया के बेनगाजी बंदरगाह पर खड़े एक रूसी नौसैनिक युद्धपोत में संदिग्ध समुद्री ड्रोन हमले के बाद जोरदार धमाका हुआ और आग लग गई। हमले में जहाज को भारी नुकसान पहुंचा और वह आंशिक रूप से समुद्र में डूब गया। इस घटना के पीछे यूक्रेनी ड्रोन होने का संदेह जताया जा रहा है, हालांकि रूस और यूक्रेन दोनों ने अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
जहाज की पहचान रूसी युद्धपोत मर्करी के रूप में हुई है। वह मॉस्को और पूर्वी लीबिया प्रशासन के बीच हुए सहयोग समझौते के तहत ईंधन और अन्य जरूरी सामान लेने के लिए बंदरगाह पर रुका था। सैटेलाइट इमेजरी कंपनी वैंटोर की तस्वीरों में जहाज का ज्यादातर हिस्सा पानी में डूबा दिखाई दे रहा है। उसका अगला हिस्सा ही समुद्र के ऊपर नजर आ रहा है।
यूक्रेनी ठिकाने से ड्रोन दागे जाने का दावा
समाचार एजेंसी AP के मुताबिक, लीबिया के दो सैन्य अधिकारियों ने दावा किया कि पश्चिमी लीबिया में यूक्रेनी बलों के नियंत्रण वाले एक अड्डे से समुद्री ड्रोन छोड़े गए थे। अधिकारियों के अनुसार, कम से कम चार ड्रोन रास्ते में नष्ट कर दिए गए, जबकि दो युद्धपोत से टकराए। अल जजीरा की रिपोर्ट में स्थानीय सूत्रों के हवाले से हमले में कुछ लीबियाई और रूसी नागरिकों के मारे जाने की बात कही गई है। यह भी दावा किया गया कि जहाज पर हथियार, गोला-बारूद और ड्रोन मौजूद थे। हालांकि, इन जानकारियों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
लीबिया प्रशासन ने हमले की निंदा की
पूर्वी लीबिया प्रशासन ने बताया कि जहाज में लगी आग बुझा दी गई है और रूस के साथ मिलकर जांच शुरू की गई है। प्रशासन ने घटना को देश की संप्रभुता और समुद्री सुरक्षा के लिए खतरा बताया। उसने साफ किया कि लीबिया रूस-यूक्रेन युद्ध का हिस्सा नहीं है और उसके बंदरगाहों को अंतरराष्ट्रीय संघर्ष का मैदान नहीं बनने दिया जाएगा।
इससे पहले बेनगाजी तट के पास माल्टा के झंडे वाले एक व्यापारिक जहाज पर भी समुद्री ड्रोन से हमला हुआ था। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, घायल चालक दल के सभी सदस्यों को बचाकर इलाज के लिए भेजा गया। स्थानीय मीडिया ने नौसेना और वायु सेना द्वारा 12 अन्य ड्रोन नष्ट किए जाने की खबर भी दी।
लीबिया में यूक्रेनी मौजूदगी पर सवाल
सुरक्षा विशेषज्ञ तल्हा अब्दुल रजाक ने अल जजीरा को बताया कि हमले के पीछे यूक्रेनी खुफिया सेवाओं का हाथ होने की आशंका है। उनके अनुसार, पिछले साल यूक्रेनी खुफिया सेवाओं और त्रिपोली सरकार के बीच सैन्य एवं खुफिया मौजूदगी को लेकर समझौते की खबरें आई थीं। लीबिया 2011 में मुअम्मर गद्दाफी के सत्ता से हटने के बाद से दो प्रतिद्वंद्वी प्रशासनों में बंटा है। पश्चिम में त्रिपोली स्थित संयुक्त राष्ट्र समर्थित सरकार और पूर्व में अलग प्रशासन का नियंत्रण है। पूर्वी सरकार के प्रमुख ओसामा हम्माद ने संयुक्त राष्ट्र से ड्रोन हमले और पश्चिमी लीबिया में यूक्रेनी विशेषज्ञों की मौजूदगी की जांच कराने की मांग की है।












