नई दिल्ली: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच दक्षिण अफ्रीका में ईरानी दूतावास की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। दूतावास ने अमेरिकी नौसेना के दो वरिष्ठ अधिकारियों की तस्वीरें साझा कर उन्हें धमकी दी है। यह पोस्ट उस दिन आई, जब उनका युद्धपोत यूएसएस स्प्रुअंस मिडिल-ईस्ट में 357 दिनों की तैनाती के बाद कैलिफोर्निया के सैन डिएगो लौटा। ईरानी दूतावास ने एक्स पर युद्धपोत के कमांडिंग ऑफिसर कमांडर लेह आर. टेट और कार्यकारी अधिकारी लेफ्टिनेंट कमांडर जेफरी ई. यॉर्क की तस्वीरें पोस्ट कीं। इसके साथ लिखा, “हम तुम्हें ढूंढ लेंगे।” दूतावास ने 28 मार्च को भी इन दोनों अधिकारियों को निशाना बनाया था। तैनाती के दौरान यूएसएस स्प्रुअंस ने ईरानी बलों के खिलाफ सैन्य कार्रवाई में हिस्सा लिया था।
मार्च में दूतावास ने दावा किया था कि इन अधिकारियों ने ईरान के मिनाब शहर में एक प्राथमिक विद्यालय पर टॉमहॉक मिसाइलें दागने का आदेश दिया था। उसके मुताबिक, हमले में 168 बच्चों की मौत हुई थी। उस पोस्ट में दोनों अधिकारियों को अपराधी बताते हुए पूछा गया था कि क्या उनके अपने बच्चे नहीं हैं। फॉक्स न्यूज के अनुसार, फाउंडेशन फॉर डिफेंस ऑफ डेमोक्रेसीज के वरिष्ठ फेलो बेहनाम बेन तालेब्लू ने ईरान की बयानबाजी को गंभीरता से लेने की चेतावनी दी है। उनके मुताबिक, ईरान पहले भी अमेरिकी अधिकारियों को निशाना बनाने की कोशिश कर चुका है। तालेब्लू ने कहा कि इस मामले से वॉशिंगटन, व्हाइट हाउस, पेंटागन और अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) में खतरे की घंटी बजनी चाहिए। उनके मुताबिक, ईरान ने उन सैन्य कर्मियों की पहचान सार्वजनिक की है जिन्हें वह अपने खिलाफ कार्रवाई में शामिल मानता है।
ट्रंप की चेतावनी के बाद बढ़ा तनाव
ईरानी दूतावास की धमकी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान के एक दिन बाद आई। 12 नवंबर को रेडियो होस्ट ह्यूग हेविट को दिए इंटरव्यू में ट्रंप से पूछा गया था कि अगर ईरान किसी वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी की हत्या करता है तो क्या होगा। इस पर उन्होंने कहा था कि ऐसा होने पर ईरान लंबे समय तक अस्तित्व में नहीं रहेगा।
ट्रेजरी सेक्रेटरी ने बदला ठिकाना
इस बीच, अमेरिकी ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट सुरक्षा कारणों से वॉशिंगटन स्थित अपना घर छोड़कर सैन्य अड्डे पर रहने चले गए हैं। शुक्रवार को CNBC से बातचीत में उन्होंने इसकी पुष्टि की। बेसेंट ने कहा कि वह सीक्रेट सर्विस के निर्देशों का पालन कर रहे हैं।












