'जिंदा लौटूंगा या नहीं, पता नहीं' इमरान खान की चिट्ठी से पाकिस्तान में मची हलचल, जजों से मांगी मदद

0
9

नई दिल्ली: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने अडियाला जेल से देश के शीर्ष न्यायाधीशों को एक खुला खत लिखा है। 16 नवंबर की तारिख वाले इस पत्र में उन्होंने अपनी बिगड़ती सेहत, लंबे समय तक एकांत में रखे जाने और अदालती आदेशों के बावजूद इलाज न मिलने की शिकायत की है। यह पत्र पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट, फेडरल कॉन्स्टिट्यूशनल कोर्ट और इस्लामाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीशों को संबोधित है। इसमें खान ने तुरंत मेडिकल मदद और मानवीय हस्तक्षेप की गुहार लगाई है। उन्होंने लिखा है कि 71 साल की उम्र में लगातार जारी प्रताड़ना उन्हें ऐसी जगह ले जा रही है, जहां से शायद वह जिंदा वापस न लौट सकें। उन्होंने जजों से अपील की है कि बहुत देर होने से पहले इस मामले में दखल दिया जाए।

ब्लड प्रेशर 193 तक पहुंचने का दावा

अपनी सेहत का हवाला देते हुए इनरान खान ने दावा किया कि 10 नंवबर को उनका ब्लड प्रेशर खतरनाक स्तर पर पहुंचकर 192-193 तक चला गया था। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी उनका बीपी 130, 150 और 170 तक जा चुका है। खान के मुताबिक, डॉक्टरों ने उन्हें चेतावनी दी है कि इस स्थिति में उन्हें ब्रेन हैनरेज और कार्डियक अरेस्ट का गंभीर खतरा है।

22 घंटे कालकोठरी में बंद रखने का आरोप

पूर्व प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि उन्हें दिन में 22 घंटे तक कालकोठरी में बंद रखा जाता है और बाहरी दुनिया से पूरी तरह काट दिया गया है। उन्हें किताबों, टेलीविजन और बुनियादी सुविधाओं से भी वंचित रखा गया है। खान ने लिखा कि बिना किसी कारण के उनकी पत्नी के साथ होने वाली साप्ताहिक मुलाकातें बार-बार रद्द कर दी जाती हैं। उन्होंने बताया कि उनकी तीनों बहनें भी हिरासत में हैं, जबकि अदालती आदेश के बावजूद उनके बेटों कासिम और सुलेमान को उनसे फोन पर बात करने की इजाजत नहीं दी जा रही है। इसके अलावा, पूरे एक साल में उन्हें अपनें वकील से केवल चार बार ही मिलने दिया गया।

बुशरा बीबी की आंखों की रोशनी पर खतरा

इमरान खान ने अपनी पत्नी बुशरा बीबी की सेहत को लेकर भी गहरी चिंता जताई है। उन्होंने बताया कि अप्रैल 2026 में बुशरा बीबी को रेटिनल डिटैचमेंट हुआ था, जिसके बाद उनकी आंख की एक जटिल सर्जरी हुई थी। खान का आरोप है कि सर्जरी के बाद उन्हें एकांतवास में डाल दिया गया और अब उन्हें देखने या आंखें खोलने में भी भारी परेशानी हो रही है। उन्होंने आशंका जताई कि अगर जल्द ही एक और सर्जरी नहीं हुई, तो बुशरा बीबी अपनी आंखों की रोशनी खो सकती हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि बुशरा बीबी के मेडिकल रिकॉर्ड्स छिपाए जा रहे हैं।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश को लागू करने की मांग

इमरान खान ने अधिकारियों से सुप्रीम कोर्ट के 18 अगस्त 2026 के आदेश को तुरंत लागू करने की मांग की है। उस आदेश में तीन जजों की बेंच ने जेल की मेडिकल रिपोर्ट देखने के बाद निर्देश दिया था कि खान को दो दिनों के भीतर शिफा इंटरनेशनल अस्पताल में शिफ्ट किया जाए, हृदय रोग विशेषज्ञ और नेत्र विशेषज्ञ वाला एक मेडिकल बोर्ड बनाया जाए, हर हफ्ते परिवार से मुलाकात कराई जाए और हफ्ते में दो बार उनके बेटों से फोन पर बात कराई जाए।

खान ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का यह आदेश अब तक लागू नहीं किया गया है और मामला फिलहाल फेडरल कॉन्स्टिट्यूशनल कोर्ट में लंबित है। उन्होंने लिखा, मैं माननीय जजों से कोई रियायत नहीं मांग रहा हूं। न्याय के तौर पर मेरी बस इतनी विनती है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों को लागू किया जाए और हमें उचित इलाज मुहैया कराया जाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here