गांजे का डेढ़ करोड़ का जखीरा पकड़ा, दो तस्कर गिरफ्तार, ट्रक के नीचे बना रखा था डीजल टैंक जैसा गुप्त तहखाना

0
11

ग्रेटर नोएडा: नशे के सौदागरों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए तस्करी का ऐसा तरीका निकाला था, जिसे देखकर कोई भी धोखा खा जाए। ट्रक के नीचे डीजल टैंक जैसा गुप्त तहखाना बनाया गया था और उसी में छिपाकर गांजे की बड़ी खेप ले जाई जा रही थी। लेकिन गौतमबुद्धनगर पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने तस्करों की इस चालाकी का पर्दाफाश करते हुए करीब डेढ़ करोड़ रुपये की कीमत का गांजा बरामद कर लिया। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 177 किलो 790 ग्राम अवैध गांजा और तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा बिना बॉडी का ट्रक बरामद हुआ है।

खुफिया सूचना पर बिछाया जाल

उक्त के सम्बन्ध में डीसीपी सेन्ट्रल नोएडा डॉ. प्रवीन रंजन सिंह द्वारा दी गई बाइट

मध्य जिला पुलिस मुख्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान डीसीपी डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने बताया कि थाना बादलपुर पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम को स्थानीय और मैनुअल खुफिया सूचना के आधार पर गांजा तस्करी की जानकारी मिली। इसके बाद दोनों टीमों ने घेराबंदी कर अंबेडकर पार्क के सामने से दो संदिग्धों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान ट्रक से गांजे की भारी खेप बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इरफान पुत्र बसीर और आसिफ पुत्र सगीर, निवासी सांचोली, थाना सोहना, जिला गुरुग्राम (हरियाणा) के रूप में हुई है।

डीजल टैंक के नाम पर बना था तस्करी का तहखाना

तस्करों ने पुलिस और जांच एजेंसियों को चकमा देने के लिए ट्रक में खास इंतजाम कर रखा था। ट्रक के नीचे टूल बॉक्स के पास एक विशेष कैविटी बनाई गई थी, जो देखने में बिल्कुल डीजल टैंक जैसी प्रतीत होती थी। इसी गुप्त जगह में गांजे की खेप छिपाकर ले जाई जा रही थी। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा से गांजा लेकर गुरुग्राम जा रहे थे और इसकी डिलीवरी ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर की जानी थी।

पहले भी जा चुके हैं जेल

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी इरफान ट्रक का मालिक होने के साथ खुद वाहन चलाता था जबकि आसिफ ट्रक में हेल्पर का काम करता था। दोनों ने पूछताछ में यह भी बताया कि वे इससे पहले असम राज्य में एनडीपीएस के एक मामले में जेल जा चुके हैं। उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और तस्करी नेटवर्क के संबंध में पुलिस जानकारी जुटा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में लगी हैं कि गांजे की खेप ओडिशा में कहां से लाई गई थी और गुरुग्राम में इसे किसे सौंपा जाना था।

डेढ़ करोड़ की खेप, ट्रक भी जब्त

संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने कुल 177 किलो 790 ग्राम अवैध गांजा और तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा बिना बॉडी का ट्रक (रजिस्ट्रेशन नंबर HR38AB2007) बरामद किया है। पुलिस ने बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई है।

एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज

इस मामले में थाना बादलपुर में मुकदमा अपराध संख्या 367/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी के पूरे नेटवर्क, सप्लाई चेन और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

कार्रवाई करने वाली टीम

इस सफल कार्रवाई एडिशनल डीसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह की निगरानी में थाना बादलपुर पुलिस और एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) की संयुक्त टीम ने की। दोनों टीमों की स्थानीय खुफिया तंत्र और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर की गई कार्रवाई से नशे की बड़ी खेप को बाजार तक पहुंचने से पहले ही पकड़ लिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here