वृंदावन: व्यापारिक संबंधों का हवाला देकर दिल्ली के सराफा कारोबारी से एक करोड़ रुपये से अधिक कीमत के हीरे और कीमती आभूषण हड़पने का मामला सामने आया है। आरोप है कि वृंदावन के एक ज्वेलरी कारोबारी ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर पहले दिल्ली के कारोबारी से जान-पहचान बढ़ाई, फिर व्यापार के लिए जेवर बनवाने का भरोसा देकर कीमती आभूषण ले लिए। लंबे समय तक जेवर वापस नहीं मिलने पर पीड़ित ने तकादा किया तो कथित तौर पर उसे और उसकी पत्नी को मारपीट कर धमकाया गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने पिता-पुत्र समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली के कारोबारी संजय कुमार से वर्ष 2023 में संपर्क और आभूषण लेने का आरोप
दिल्ली के हौज खास निवासी संजय कुमार की रिजेन्सी ज्वैलर्स के नाम से फर्म है। पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, वर्ष 2023 में मथुरा के मिशिका जेम्स एंड ज्वेल्स के संचालक वंशीधर अग्रवाल, उनके परिवार के सदस्यों और संजय कुमार के बीच कारोबारी संपर्क स्थापित हुआ था। इसके बाद आरोपितों का दिल्ली स्थित फर्म पर आना-जाना बढ़ गया। पीड़ित का आरोप है कि एक अप्रैल 2024 को आरोपितों ने व्यापार के लिए इसी तरह के आभूषण तैयार कराने की बात कहकर उससे पन्ने का ब्रोच, पन्ना और हीरे की ज्वेलरी तथा दो कैरेट का हीरा लिया। इन आभूषणों की कीमत लाखों रुपये बताई गई है।
वृंदावन बुलाकर और आभूषण लिए जाने तथा वापसी में टालमटोल का आरोप
शिकायत के अनुसार, पांच अप्रैल 2024 को आरोपितों ने संजय कुमार को ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन के लिए वृंदावन बुलाया। इस दौरान दूसरे व्यापारियों को दिखाने के नाम पर उससे और कीमती आभूषण लिए गए। इनमें करीब 48.27 लाख रुपये कीमत का पांच कैरेट का हीरा और 18 लाख रुपये का पन्ना-हीरे का सेट शामिल था। पीड़ित का आरोप है कि आभूषण देने के बाद वह लगातार उन्हें वापस करने के लिए कहता रहा, लेकिन आरोपित टालमटोल करते रहे। बाद में उसे जानकारी मिली कि आरोपितों पर अन्य व्यापारियों के साथ भी इसी तरह की धोखाधड़ी करने के आरोप हैं।
आभूषण वापस मांगने पर मारपीट और धमकी का आरोप
संजय कुमार के मुताबिक, 20 अप्रैल 2024 को वह अपनी पत्नी रत्ना के साथ वृंदावन स्थित वंशीधर अग्रवाल के घर पहुंचे और अपने आभूषण वापस मांगे। आरोप है कि इस दौरान वंशीधर अग्रवाल, सुमित अग्रवाल, शुभम अग्रवाल और अंकिता अग्रवाल ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। साथ ही जान से मारने की धमकी देते हुए जेवर लौटाने से इन्कार कर दिया। पीड़ित ने कुल करीब एक करोड़ 12 लाख रुपये कीमत के आभूषण हड़पने का आरोप लगाया है। वृंदावन कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अश्वनी कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।












