मथुरा: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर मथुरा-वृंदावन के भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री श्रीकांत शर्मा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। हिमाचल प्रदेश के प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने मुंबई आतंकी हमले के दोषी अजमल कसाब के हाथ में बंधे कलावे का जिक्र करते हुए विपक्ष पर पहचान छिपाकर रहने वाले लोगों की पैरवी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के शुद्धीकरण के तहत फर्जी नाम हटाए जा रहे हैं, जिससे राहुल गांधी और उनकी पार्टी परेशान हैं।
मुंबई हमले का जिक्र कर कांग्रेस पर हमला
श्रीकांत शर्मा ने 26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए आतंकी हमले का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी। उन्होंने दावा किया कि आतंकी अजमल कसाब अपनी पहचान छिपाने के लिए हाथ में कलावा बांधकर आया था। इसी उदाहरण के जरिए उन्होंने आरोप लगाया कि देश में भी कुछ लोग अपनी असली पहचान छिपाकर रह रहे हैं। उनके अनुसार, मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान ऐसे लोगों के नाम हटाए जा रहे हैं।
SIR को लेकर बीजेपी विधायक श्रीकांत शर्मा का राहुल गांधी पर तीखा हमला, कसाब के कलावे का किया जिक्र। ‘कसाब भी हाथ में कलावा बांधकर घुसा था’, श्रीकांत शर्मा के बयान से सियासी हलचल। मतदाता सूची के शुद्धीकरण पर विपक्ष को घेरा, फर्जी वोटरों के नाम कटने का किया दावा। श्रीकांत शर्मा बोले- फर्जी मतदाताओं के नाम हटने से राहुल गांधी एंड कंपनी को हो रही परेशानी। बीजेपी विधायक का कांग्रेस पर आरोप, पहचान छिपाकर रहने वालों की पैरवी कर रहा विपक्ष। SIR पर श्रीकांत शर्मा , बोले- वैध भारतीय नागरिकों को घबराने की जरूरत नहीं। मतदाता सूची से नाम कटने पर संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने की अपील। राहुल गांधी पर श्रीकांत शर्मा का वार, मतदाता सूची के पुनरीक्षण को बताया जरूरी। @PremKoushik8 #RahulGanhdi #BJP #SIR
— Janbhawna Times (@JanBhawanaTimes) October 13, 2026
राहुल गांधी पर घुसपैठियों की पैरवी का आरोप
विधायक श्रीकांत ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि मतदाता सूची से फर्जी नाम हटाए जाने पर विपक्ष सवाल उठा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और उनकी पार्टी पहचान छिपाकर रहने वाले घुसपैठियों और अवैध रूप से रह रहे लोगों की पैरवी कर रहे हैं। श्रीकांत शर्मा ने कहा कि कांग्रेस एक ओर लोकतंत्र बचाने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर ऐसे लोगों के पक्ष में खड़ी दिखाई देती है, जिनकी मौजूदगी पर सवाल उठ रहे हैं।
वैध मतदाताओं से नाम जुड़वाने की अपील
श्रीकांत शर्मा ने कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण से किसी भी वैध भारतीय नागरिक को घबराने की जरूरत नहीं है। जिन मतदाताओं के नाम गलती से सूची से कट गए हैं, वे संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर नाम जुड़वाने की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इसके लिए तहसीलदार, लेखपाल और पंचायत सचिव सहित संबंधित अधिकारियों से जानकारी लेने की सलाह दी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे भ्रामक सूचनाओं के बहकावे में न आएं और अपने बच्चों को हिंसक या भ्रामक धरना-प्रदर्शनों से दूर रखें।
Reported by: Prem Kaushik












