नई दिल्ली: जयपुर के आमेर महल के पास मावठा इलाके में टूरिस्ट गाइड मनीष सोनी पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। सोमवार को हुए इस हमले में गंभीर रूप से घायल मनीष ने मंगलवार को एसएमएस अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर आमेर पहुंचते ही लोगों में आक्रोश फैल गया। स्थानीय निवासियों, व्यापारियों और गाइड समुदाय ने विरोध में बाजार बंद कर दिए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
कितने बजे शुरू हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 10 बजे मावठा के पास गाड़ियों की आवाजाही को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि मनीष आमेर किले की तरफ जाने वाली गाड़ियों को रोक रहे थे। इसी दौरान जीप चालक आजम से उनकी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आजम और उसके साथी नाजिश ने कथित तौर पर मनीष पर चाकू से हमला कर दिया।
हमले में मनीष के पेट में गंभीर चोट लगी और वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़े। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए जयपुर के एसएमएस अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन ज्यादा खून बहने और गंभीर चोट के कारण मंगलवार को उनकी मौत हो गई।
बाजार बंद, थाने के बाहर प्रदर्शन
मनीष की मौत की सूचना मिलते ही आमेर में विरोध तेज हो गया। बड़ी संख्या में लोग आमेर थाने के बाहर जमा हुए और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शन को देखते हुए आमेर महल की ओर जाने वाले रास्ते पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है।
हिरासत मेंदोनों आरोपी
आमेर थानाधिकारी राजेंद्र गोदारा के अनुसार, पुलिस ने मुख्य आरोपी जीप चालक आजम और उसके साथी नाजिश को हिरासत में ले लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद करने का प्रयास कर रही है। पुलिस के मुताबिक, आजम के खिलाफ आमेर थाने में पहले से दो मामले दर्ज हैं।
परिवार ने रखीं कई मांगें
मनीष के परिजनों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन के सामने मुआवजा, सरकारी नौकरी और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई समेत कई मांगें रखी हैं। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी के घर पर बुलडोजर कार्रवाई, केस को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने और आमेर में अवैध जीप संचालन पर रोक लगाने की मांग की है। इसके अलावा SHO और जांच अधिकारी पर कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने की मांग भी उठाई गई है।











