संसद के विशेष सत्र से पहले आज मोदी कैबिनेट की अहम बैठक, नए विधेयक लाने की तैयारी में सरकार

0
6

नई दिल्ली: लोकसभा के विशेष सत्र से पहले शुक्रवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक बुलाई गई है। सूत्रों के मुताबिक, इसमें महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयकों में बदलावों पर चर्चा हो सकती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बैठक दोपहर एक बजे सेवा तीर्थ में होगी। सरकार लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने वाले संविधान संशोधन विधेयक में बदलाव पर विचार कर सकती है।

अप्रैल में संसद के विशेष सत्र में जरूरी समर्थन नहीं मिलने से यह विधेयक पारित नहीं हो पाया था। सरकार ने लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से बुलाने का प्रस्ताव दिया है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के अनुसार, बैठकें 3 दिसंबर तक चल सकती हैं। यह मानसून सत्र की अगली कड़ी होंगी। संसद 13 अगस्त को स्थगित हुई थी, लेकिन सत्रावसान नहीं हुआ था। इसलिए सदनों को कम समय के नोटिस पर फिर बुलाया जा सकता है।

दोनों विधेयकों का मकसद क्या है?

प्रस्तावित संशोधन के तहत परिसीमन से लोकसभा की सीटें 543 से बढ़ाकर अधिकतम 850 करने की योजना है। सरकार का कहना है कि इससे नए जनगणना आंकड़ों के आधार पर प्रतिनिधित्व तय होगा और 2029 के चुनाव से पहले महिला आरक्षण लागू हो सकेगा। विधेयक पारित कराने के लिए लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत यानी 361 वोट जरूरी हैं। तीन सीटें खाली होने से सदन में 540 सदस्य हैं। एनडीए के पास करीब 320 सांसद हैं, इसलिए उसे विपक्षी दलों का समर्थन चाहिए होगा। सदन में अव्यवस्था रहने पर विधेयक पारित नहीं हो सकेगा।

लोकसभा में सरकार का गणित

अप्रैल में विधेयक गिरने के बाद सरकार के समर्थन में 26 सांसदों के आने की बात कही जा रही है। तृणमूल कांग्रेस के 20 बागी सांसद नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया (एनसीपीआई) में शामिल होकर एनडीए के साथ आए हैं। वहीं, शिवसेना (यूबीटी) के छह सांसद एकनाथ शिंदे की शिवसेना में चले गए हैं।

इसके बावजूद एनडीए को अतिरिक्त वोट चाहिए होंगे। लोकसभा में 22 सांसदों वाली डीएमके और शरदचंद्र पवार की एनसीपी के आठ सांसद अहम हो सकते हैं। एनडीए का तर्क है कि नए जनगणना आंकड़ों के अनुसार प्रतिनिधित्व के लिए परिसीमन जरूरी है। विपक्ष इसका विरोध कर रहा है। उसकी मांग है कि मौजूदा 543 सदस्यीय लोकसभा में ही 33 फीसदी महिला आरक्षण लागू किया जाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here