खाड़ी में बढ़ा तनाव, कुवैत के सैन्य ठिकाने पर ड्रोन हमले में दो इतालवी नागरिकों की मौत, आठ भारतीयों के लिए भी आई खबर

0
4

नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच कुवैत ने दावा किया है कि गुरुवार को हुए ईरानी ड्रोन हमले में दो इतालवी नागरिकों की जान चली गई। इटली के विदेश मंत्रालय ने भी दोनों की मौत की पुष्टि की है। हालांकि, ईरान ने किसी भी तरह का सैन्य हमला करने से इनकार किया है। कुवैत के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता कर्नल सौद अब्दुलअजीज अल अतवान के मुताबिक, देश के एयर डिफेंस सिस्टम ने कई ड्रोन हमलों को नाकाम कर दिया था।

इस दौरान इंटरसेप्ट किए गए ड्रोन का मलबा गिरने से दो इतालवी नागरिकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हुए हैं। रॉयटर की रिपोर्ट के अनुसार, इटली के विदेश मंत्री एंटोनियो ताजानी ने बताया कि मृतक दोनों नागरिक टेक्नीशियन थे। वे जर्मन रक्षा कंपनी रीनमेटाल की इतालवी इकाई में काम करते थे और कुवैत के एक एयर डिफेंस सर्विलांस स्टेशन पर तैनात थे। घटना में एक कुवैती और एक पाकिस्तानी नागरिक भी घायल हुआ है।

ईरान ने हमले से किया इनकार

ईरान के सैन्य प्रवक्ता जनरल अबुलफजल शेकर्ची ने कहा कि उनके देश ने खाड़ी क्षेत्र में कोई सैन्य अभियान नहीं चलाया है। विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने भी कुवैत के साथ मिलकर घटना की जांच करने की बात कही। वहीं, राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने प्रतिबंधों और बाहरी दबाव के बावजूद देश की तरक्की जारी रहने का दावा किया। दूसरी ओर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट से नाराज हो गए। उन्होंने पत्रकार डेविड ई. सेंगर की आलोचना करते हुए कहा कि रिपोर्ट में उनके प्रशासन की उपलब्धियों को नजरअंदाज किया गया है।

स्पेन के पास डूबा तेल टैंकर, आठ भारतीय सुरक्षित

इसी बीच स्पेन के इबिजा द्वीप के पास 7,000 मीट्रिक टन डीजल से लदा तेल टैंकर एमटी मेड एमरे डूब गया। पीटीआई के अनुसार, जहाज पर मौजूद सभी 17 नाविकों को बाहर निकाल लिया गया, लेकिन अस्पताल ले जाते समय एक नाविक की मौत हो गई। जहाज पर आठ भारतीय भी सवार थे और सभी सुरक्षित हैं। केंद्रीय जहाजरानी मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बताया कि सरकार लगातार स्थिति पर नजर रख रही है और क्रू मैनेजर के संपर्क में है। स्पेन के अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल टैंकर से तेल रिसाव की कोई सूचना नहीं मिली है। हादसे की वजह का पता लगाया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here