नई दिल्ली: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह रविवार को अपनी पहली भारत यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे। इस दौरे में दोनों देश ऊर्जा, रेलवे, कनेक्टिविटी और तकनीक जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा कर रहे हैं। सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी बैठक से द्विपक्षीय रिश्तों की दिशा तय होने की उम्मीद है। बता दें कि नई दिल्ली पहुंचने पर केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने 36 वर्षीय शाह का स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात की। जयशंकर ने कहा कि भारत नेपाल के साथ अपनी विशेष मित्रता को महत्व देता है। नेपाल के प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, बैठक में व्यापार, ऊर्जा, संस्कृति और शिक्षा पर चर्चा हुई।
मोदी और शाह पहले फोन पर बात कर चुके हैं, लेकिन सोमवार को उनकी पहली प्रत्यक्ष मुलाकात होगी। साल 2025 में जेन-जी आंदोलन के बाद केपी शर्मा ओली की सरकार गिर गई थी। इसके बाद शाह और राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी का युवा नेतृत्व सत्ता में आया। यह बैठक दोनों देशों के संबंधों को नई दिशा दे सकती है। दोनों नेता भारत की मदद से पूरी हुई ऊर्जा और कनेक्टिविटी परियोजनाओं का ऑनलाइन उद्घाटन कर सकते हैं। जलविद्युत, रेलवे, आपदा प्रबंधन और तकनीक से जुड़े समझौते भी प्रस्तावित हैं। अयोध्या-जनकपुर रेल लिंक का अनावरण भी होगा।
नेपाल ने मांगा दो अरब डॉलर का पैकेज
भारत ने साझेदारी के लिए साझा विजन का प्रस्ताव दिया है, जबकि नेपाल ने दो अरब डॉलर के आर्थिक पैकेज की मांग रखी है। इसमें अगस्त में भोटे कोसी नदी में आई बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण के लिए एक अरब डॉलर की सहायता शामिल है। नेपाल काठमांडू-महेंद्रनगर एयर कॉरिडोर को दोनों दिशाओं में खोलने की मांग भी कर रहा है। शाह के साथ विदेश मंत्री शिशिर खनाल, वित्त मंत्री स्वर्णिम वाग्ले और कारोबारी प्रतिनिधियों सहित 35 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल आया है। दौरे में नेपाल-भारत बिजनेस फोरम भी आयोजित होगा, जहां निवेश बढ़ाने पर चर्चा होगी।
व्यापार और विकास में भारत की भूमिका
भारत और नेपाल के रिश्ते खुली सीमा, साझा संस्कृति और लोगों के जुड़ाव पर आधारित हैं। दोनों देशों के बीच 40 से अधिक संस्थागत तंत्र हैं। भारत नेपाल का सबसे बड़ा व्यापार और निवेश साझेदार है। नेपाल का करीब 80 प्रतिशत निर्यात भारत जाता है और उसके कुल एफडीआई का लगभग एक-तिहाई हिस्सा भारत से आता है। भारत ने नेपाल के 74 जिलों में 600 से अधिक सामुदायिक परियोजनाएं लागू की हैं। 2015 के भूकंप के बाद 50 हजार घरों, 71 शैक्षणिक परियोजनाओं और 128 स्वास्थ्य केंद्रों के पुनर्निर्माण में मदद दी। अगस्त की बाढ़ के बाद 140 टन राहत सामग्री भी भेजी गई।












