चीन सीमा पर भारत की नई रणनीति, अरुणाचल के 40 गांवों में बढ़ी आबादी, डैम विवाद पर भी बोले शाह

0
6

नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को अरुणाचल प्रदेश का दौरा किया। यह दौरा ऐसे समय में हुआ है जब वहां एक प्रस्तावित बांध परियोजना को लेकर विरोध-प्रदर्शन चल रहा है। इस दौरान शाह ने कई विकास परियोजनाओं की शुरुआत की और सीमावर्ती गांवों को लेकर बड़ी बात कही। अरुणाचल प्रदेश में एक सहकारी सम्मेलन के दौरान शाह ने कहा कि चीन की सीमा से लगे 40 गांवों की आबादी बढ़ी है और लोगों का पलायन रुक गया है। उन्होंने कहा कि वहां रोजगार, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य सुविधाओं में सुधार हुआ है, इसलिए लोग वापस लौटने लगे हैं।

शाह ने बताया, “मैंने शनिवार को ही इसकी समीक्षा की है। मुझे खुशी है कि लोग चीन की सीमा से लगे सभी 40 गांवों में वापस लौटने लगे हैं। वहां की आबादी बढ़ी है और पलायन रुक गया है। बिजली, रोजगार और स्वास्थ्य सुविधाओं पर काम हुआ है। पहाड़ी चोटियों तक पानी भी पहुंचाया गया है।”

सेना और ITBP अब गांवों से खरीदेंगी सामान

शाह ने बताया कि केंद्र ने सेना और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) को निर्देश दिया है कि वे सीमावर्ती गांवों में अपनी जरूरत का सामान शहरों से मंगाने के बजाय स्थानीय सहकारी समितियों से खरीदें। इससे वहां के निवासियों और सुरक्षा बलों के बीच संबंध मजबूत होंगे। उन्होंने कहा, “गृह मंत्रालय ने सख्त निर्देश दिए हैं कि ITBP और सेना अपना सामान तेजपुर या गुवाहाटी से न खरीदें, बल्कि इसे गांवों और सहकारी समितियों से ही लिया जाना चाहिए।” शाह ने कहा कि अरुणाचल की महिलाएं अपनी सहकारी समितियों के जरिए डेयरी उत्पाद, अंडे, सब्जियां, मोटे अनाज और आटा उपलब्ध करा रही हैं। इससे ग्रामीण परिवारों में समृद्धि आ रही है, स्थानीय कृषि में बदलाव हो रहा है और गांव वालों और सेना के बीच रिश्ते मजबूत हो रहे हैं।

रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य पर जोर

शाह ने कहा कि रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और हर परिवार की समृद्धि अरुणाचल प्रदेश के विकास की मुख्य प्राथमिकताएं होनी चाहिए। उन्होंने सहकारी संस्थाओं और महिला स्वयं सहायता समूहों से आग्रह किया कि वे राज्य को जरूरी खाद्य उत्पादों के मामले में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम करें। उन्होंने मुख्यमंत्री पेमा खांडू और उपमुख्यमंत्री को विकास परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार के समर्थन का भरोसा दिलाया। शाह ने कहा कि शनिवार को अरुणाचल के विकास के सभी पहलुओं पर साढ़े तीन से चार घंटे तक चर्चा हुई और भविष्य के लिए रोडमैप तय किया गया।

110.95 करोड़ की 199 परियोजनाओं की शुरुआत     

रविवार को शाह ने अरुणाचल के 11 सीमावर्ती जिलों में ‘वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम’ के तहत 110.95 करोड़ रुपये की लागत वाली 199 विकास परियोजनाओं की शुरुआत की। उन्होंने ‘अरुणाचल प्रदेश कोऑपरेटिव विजन 2047’ का भी अनावरण किया। इससे पहले शनिवार को शाह ने ईटानगर में उच्च-स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की थी, जिसमें कानून-व्यवस्था, आंतरिक सुरक्षा, सीमा प्रबंधन और विकास कार्यों पर चर्चा हुई। उन्होंने चीन के साथ लगती 1,126 किलोमीटर लंबी सीमा पर सुरक्षा और बुनियादी ढांचे की भी समीक्षा की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here