हाईकोर्ट की ही जमीन पर कब्जा, 5 हेक्टेयर से ज्यादा जमीन हड़पा, कोर्ट ने लिया संज्ञान

0
4

नई दिल्ली: आम आदमी की जमीन हड़पने की खबर तो आपने अक्सर सुनी होगी, लेकिन क्या आपने कभी यह सुना है कि हाईकोर्ट की ही जमीन हड़प ली गई हो। वह भी 5 हेक्टेयर से ज्यादा जमीन। यह मामला जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हाईकोर्ट की रायका स्थित जमीन का है, जहां हाईकोर्ट परिसर का निर्माण होना है। खबर सामने आते ही हाईकोर्ट ने संज्ञान लिया और जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने का निर्देश दिया है।

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हाईकोर्ट के नए भवन के लिए रायका में लगभग 111 कनाल यानी 5.615 हेक्टेयर भूमि आवंटित की गई है। इस जमीन के बड़े हिस्से पर कब्जा कर लिया गया है। जस्टिस रजनेश ओसवाल और जस्टिस मोहम्मद यूसुफ वानी की खंडपीठ ने एक जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए जम्मू पुलिस और प्रशासन को निर्देश जारी किया है। यह याचिका अर्जुन गंडोत्रा ने दायर की थी।

हाईकोर्ट को सौंपी जा चुकी थी जमीन

पीठ ने कहा कि हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार (न्यायिक) की ओर से सौंपी गई स्टेटस रिपोर्ट से पता चला है कि हाईकोर्ट की जम्मू विंग के निर्माण के लिए चिह्नित लगभग 111 कनाल भूमि पर अतिक्रमण कर लिया गया है। इस जमीन का कब्जा पहले ही हाईकोर्ट को सौंपा जा चुका था। रबी 2026 की खसरा गिरदावरी में यह जमीन विधि, न्याय और संसदीय कार्य विभाग, केंद्र शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर के कब्जे में दिखाई गई है। इसके बावजूद जमीन पर अतिक्रमण हो गया, जिसे लेकर कोर्ट ने नाराजगी जताई है।

100 मीटर से ज्यादा हिस्सा बिना बाड़ के

सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता सुनील सेठी ने कहा कि कोर्ट परिसर के लिए चिह्नित इस जमीन को ठीक ढंग से सुरक्षित नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि जमीन का 100 मीटर से ज्यादा हिस्सा बिना कंटीले तारों की बाड़ के है, जिससे वहां अतिक्रमण होने का खतरा बना हुआ है। स्टेटस रिपोर्ट और दलीलों को सुनते हुए पीठ ने जम्मू के एसएसपी को निर्देश दिया कि चिह्नित जमीन पर सुरक्षा चौकी स्थापित करें, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि वहां कोई अतिक्रमण न हो।

डीसी को व्यक्तिगत रूप से पेश होने का निर्देश

पीठ ने जम्मू के उपायुक्त (डीसी) मिंगा शेरपा को भी निर्देश दिया कि वे अदालत में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित हों और बताएं कि जमीन के चारों ओर उचित बाड़ क्यों नहीं लगाई गई है। कोर्ट ने साफ कहा है कि जब हाईकोर्ट की जमीन ही सुरक्षित नहीं है, तो आम लोगों की जमीन का क्या होगा। अब इस मामले में प्रशासन को जवाब देना होगा और जमीन को जल्द से जल्द अतिक्रमण मुक्त कराना होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here