फ्लाईदुबई फ्लाइट में हमले का शिकार हुए पायलट की IAF चीफ ने की तारीफ, बोले- दिखाई असाधारण बहादुरी

0
9

नई दिल्ली: भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने फ्लाईदुबई फ्लाइट में हमले का बहादुरी से सामना करने वाले कैप्टन स्मित मच्छर की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि कैप्टन मच्छर ने साहस, शारीरिक दृढ़ता और मानसिक दृढ़ संकल्प की मिसाल पेश की है। एयर चीफ मार्शल ने शनिवार को कहा, “उन्होंने जो किया वह असाधारण बहादुरी है। यह हमारे लिए भी एक सबक है।”

कब और कैसे हुआ हमला

बता दें, यह घटना 30 सितंबर को फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में हुई थी। दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट में ओमानी सह-पायलट ने कैप्टन स्मित मच्छर पर कथित तौर पर हमला कर दिया, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले के बाद विमान तेजी से नीचे गिरने लगा और फ्लाइट में इमरजेंसी जैसे हालात बन गए।

घायल होने के बावजूद दिखाई हिम्मत

हालांकि, गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन मच्छर ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने किसी तरह कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया, जिससे केबिन क्रू और यात्री अंदर आ सके और हमलावर सह-पायलट को काबू में कर सके। इसके बाद विमान को रास्ता बदलकर सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड कराया गया और मच्छर को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पीएम मोदी से वीडियो कॉल पर की  बात

इतना ही नहीं शुक्रवार को कैप्टन मच्छर ने अस्पताल से ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से वीडियो कॉल पर बात की। उन्होंने पीएम को बताया कि चोट लगने के बावजूद उन्हें महसूस हुआ कि विमान नीचे जा रहा है, इसलिए उन्होंने आखिरी कोशिश करके कॉकपिट का दरवाजा खोला।

पाकिस्तान के 5वीं पीढ़ी के विमान पर IAF चीफ का बयान

वहीं पाकिस्तान द्वारा चीन से 5वीं पीढ़ी के फाइटर जेट खरीदने के सवाल पर वायुसेना प्रमुख ने कहा कि यह चिंता का विषय तो है, लेकिन ज्यादा चिंता की बात नहीं है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के पास पहले भी एयर पावर थी, लेकिन ऑपरेशन सिंदूर ने साबित कर दिया कि हथियारों का सही इंटीग्रेशन कितना जरूरी है। भारत का अपना AMCA प्रोग्राम चल रहा है और अगर इसमें देरी होती है तो बाहर से विमान खरीदने पर विचार किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here