रतिया: पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना शहर रतिया पुलिस ने एक महिला आरोपी को 6.30 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला की पहचान जगीर कौर उर्फ जंगीरो पत्नी गुरनाम सिंह, निवासी वार्ड नंबर 5, कलर कॉलोनी, रतिया के रूप में हुई है।आरोपिया को माननीय न्यायालय में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
गश्त के दौरान पुलिस टीम ने महिला को रोका
थाना शहर रतिया प्रभारी उपनिरीक्षक प्रवीण ने बताया कि 21 नवंबर को उपनिरीक्षक शकुंतला देवी के नेतृत्व में पुलिस टीम बुढलाडा रोड व बाईपास क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान वार्ड नंबर 5, कलर कॉलोनी के पास एक महिला पुलिस की गाड़ी देखकर वापस मुड़ने लगी। पुलिस टीम ने उसे रोककर पूछताछ की। नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 6.30 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर महिला के खिलाफ थाना शहर रतिया में मुकदमा नंबर 237, दिनांक 21.11.2026 को धारा 21B, 61 और 85 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले की गहनता से जांच जारी है। फतेहाबाद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
Reported By: Rimpi Jindal












