बिसलेरी के पानी में मिला कैंसरकारी रसायन? FSSAI ने कंपनी के खिलाफ दी मुकदमे की मंजूरी

0
5

नई दिल्ली: देश में पैकेज्ड पानी के बड़े ब्रांड बिसलेरी की गुणवत्ता को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कंपनी के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी दी है। यह कार्रवाई लैब जांच में पानी के एक सैंपल को असुरक्षित पाए जाने के बाद की गई। हालांकि, बिसलेरी ने इन नतीजों पर सवाल उठाते हुए दावा किया है कि बाद में FSSAI से मान्यता प्राप्त एक स्वतंत्र लैब में जांच कराने पर ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा के भीतर मिली। कंपनी ने 23 नवंबर को जारी बयान में कहा कि यह मामला सितंबर 2025 में गोवा स्थित उसके प्लांट में तैयार किए गए एक बैच से जुड़ा है। बिसलेरी के मुताबिक, वह FSSAI के साथ सहयोग कर रही है और नियामक प्रक्रिया के तहत इस मामले का समाधान करेगी।

बिसलेरी के अनुसार, FSSAI ने 30 सितंबर 2025 को गोवा प्लांट से पानी के छह सैंपल लिए थे। शुरुआती जांच में पांच सैंपल सभी तय मानकों पर खरे उतरे, जबकि छठे सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर पाई गई। निर्धारित सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है। कंपनी ने 22 नवंबर 2025 को इस रिपोर्ट के खिलाफ अपील की थी। इसके बाद FSSAI ने सैंपल को दोबारा जांच के लिए रेफरल लैब भेजा। बिसलेरी का कहना है कि वहां ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा के भीतर मिली, लेकिन जांच में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी भी बताई गई। कंपनी के मुताबिक, अलग-अलग जांच रिपोर्ट में अंतर सामने आने के बाद उसने उसी सैंपल की जांच एक अन्य FSSAI-मान्यता प्राप्त लैब से कराई। इस जांच में भी ब्रोमेट का स्तर तय सीमा के भीतर पाया गया।

FSSAI को रिपोर्ट भेजने के बाद जवाब नहीं मिलने का दावा

बिसलेरी ने बताया कि उसने 2 फरवरी 2026 को पत्र के जरिए स्वतंत्र लैब की रिपोर्ट FSSAI के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय को भेजी थी। कंपनी का दावा है कि इसके बाद उसे नियामक की ओर से कोई सूचना नहीं मिली। उसे लगा कि मामला बंद हो गया है। कंपनी ने यह भी कहा कि उसे ईमेल या डाक से कोई नोटिस नहीं मिला और FSSAI की वेबसाइट पर भी संबंधित नोटिस नहीं मिला। बिसलेरी के अनुसार, उसकी निर्माण प्रक्रिया में 10 चरणों के दौरान 90 से ज्यादा गुणवत्ता जांच की जाती हैं। कंपनी ने पानी को पीने के लिए सुरक्षित बताया है।

FSSAI ने क्यों दी अभियोजन की मंजूरी?

FSSAI के मुताबिक, शुरुआती जांच में पानी के सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा से अधिक थी। कंपनी की अपील के बाद रेफरल लैब ने भी सैंपल को असुरक्षित बताया और PAHs की मौजूदगी दर्ज की। प्राधिकरण ने इसे खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमों का उल्लंघन माना है और कंपनी के खिलाफ अभियोजन शुरू करने की मंजूरी दी है। ब्रोमेट एक ऐसा रासायनिक यौगिक है, जिसे अधिक मात्रा में सेवन करने पर स्वास्थ्य के लिए हानिकारक और संभावित कैंसरकारी माना जाता है। फिलहाल, नियामक की जांच रिपोर्ट और कंपनी के स्वतंत्र परीक्षण के दावों के बीच मतभेद बना हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here