नई दिल्ली: ऋषिकेश की खूबसूरत वादियां और मां गंगा की धारा देश-विदेश के लोगों को अपनी ओर खींचती हैं। लेकिन घाटों पर फैला कचरा इस सुंदरता पर दाग लगा देता है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने इसी लापरवाही को उजागर किया है। इसमें कुछ विदेशी महिलाएं गंगा घाट पर बिखरी प्लास्टिक की बोतलें, पन्नियां और कचरा उठाती नजर आ रही हैं। उनका कदम तारीफ बटोरने के साथ हमारी नागरिक जिम्मेदारी पर भी सवाल उठा रहा है।
इंस्टाग्राम पर प्रसन्न कुमार नाम के यूजर ने यह वीडियो शेयर किया है। इसमें महिलाएं ग्लव्स पहने और बड़े काले गार्बेज बैग लिए घाट के किनारे सफाई करती दिखती हैं। वे रेत और पत्थरों के बीच फंसी बोतलें, पन्नियां और अन्य कचरा उठाकर बैग में डाल रही हैं। आसपास स्थानीय लोग, पर्यटक भी हैं, लेकिन सफाई करती केवल ये महिलाएं दिखाई देती हैं।
सिस्टम नहीं, हमारी सोच पर सवाल
वीडियो बना रहे भारतीय शख्स ने इस दृश्य पर दुख जताया। बैकग्राउंड में वह कहते हैं कि विदेशी महिलाएं उन पन्नियों और प्लास्टिक को साफ कर रही हैं, जिन्हें हम यहां फेंककर गंदगी फैलाते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि दूसरे देशों से आए लोग हमारी नदियों और धरोहर को बचाने आगे आ रहे हैं, जबकि हम खुद गंगा किनारे उसे गंदा कर रहे हैं। ऋषिकेश और हरिद्वार जैसे धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर कचरे की समस्या सामने आती रही है। सरकार और सामाजिक संस्थाएं सफाई अभियान चलाती हैं, लेकिन घाटों पर प्लास्टिक, पुराने कपड़े और पूजा सामग्री फेंकने की आदत अब भी बनी हुई है। इससे नदी के आसपास गंदगी फैलती है और इन जगहों की सुंदरता प्रभावित होती है।
सोशल मीडिया पर लोगों ने जताई नाराजगी
वीडियो के बाद यूजर्स प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि विदेशी महिलाएं यह काम दिखावे या रील के लिए नहीं, बल्कि जिम्मेदारी समझकर कर रही हैं। दूसरे ने इसे सिविक सेंस की मिसाल बताया। कुछ लोगों ने इसे शर्मनाक बताते हुए पूछा कि स्थानीय लोग सार्वजनिक जगहों को साफ रखने की जिम्मेदारी कब समझेंगे। एक अन्य यूजर ने लिखा कि हमारे देश में इसी जिम्मेदारी की सबसे ज्यादा कमी है। यह वीडियो एक संदेश देता है। गंगा और सार्वजनिक स्थलों को साफ रखना किसी एक विभाग या सफाईकर्मी की जिम्मेदारी नहीं है। वहां आने वाले हर व्यक्ति को कचरा सही जगह डालना चाहिए और घाटों को गंदा करने से बचना चाहिए। छोटी-सी सावधानी से इन जगहों की स्वच्छता बनाए रखने में मदद मिल सकती है।












