रतिया: रतिया में बास्केटबॉल खिलाड़ियों ने राजकीय सीनियर सेकेंडरी बॉयज स्कूल में बने बास्केटबॉल ग्राउंड की दयनीय हालत पर चिंता जताते हुए जिला प्रशासन और हरियाणा सरकार से रतिया में आधुनिक सुविधाओं से युक्त बास्केटबॉल ग्राउंड बनाने की मांग की है। बास्केटबॉल खिलाड़ी शर्मा चंद लाली ने बताया कि प्रतिदिन सुबह लगभग दो दर्जन लड़के-लड़कियां बास्केटबॉल खेलने के लिए स्कूल परिसर में पहुंचते हैं, लेकिन यहां उपलब्ध ग्राउंड की हालत और सीमित सुविधाओं के कारण खिलाड़ियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। खेल के प्रति युवाओं में बढ़ते रुझान को देखते हुए बेहतर खेल मैदान और आवश्यक उपकरण उपलब्ध करवाना बेहद जरूरी है।
खेल युवाओं को नशे से दूर रखने का सशक्त माध्यम
शर्मा चंद लाली ने कहा कि खेल एक ऐसा सशक्त माध्यम है, जिसके जरिए युवाओं को नशे से दूर रखकर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाया जा सकता है। यदि बच्चों और युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं, उचित प्रशिक्षण और अभ्यास के लिए अच्छे मैदान उपलब्ध करवाए जाएं, तो अधिक से अधिक लड़के-लड़कियां खेलों से जुड़ेंगे और अपनी प्रतिभा को निखार सकेंगे। उन्होंने कहा कि आज के समय में युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से बचाने के लिए खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए सरकार और प्रशासन को ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में खेल मैदान विकसित करने, पुराने मैदानों की हालत सुधारने तथा खिलाड़ियों को बास्केटबॉल सहित अन्य खेलों के जरूरी उपकरण उपलब्ध करवाने की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।
बेहतर बास्केटबॉल ग्राउंड बनाने की मांग
बास्केटबॉल खिलाड़ियों ने जिला प्रशासन और हरियाणा सरकार से मांग की कि रतिया में खिलाड़ियों के लिए एक बेहतर बास्केटबॉल ग्राउंड का निर्माण करवाया जाए, ताकि यहां के प्रतिभाशाली खिलाड़ी नियमित अभ्यास कर सकें और भविष्य में जिला, राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर पर रतिया का नाम रोशन कर सकें। इस अवसर पर शर्मा चंद लाली, रासविंदर सिंह, गौरव शर्मा, राकेश अग्रवाल, विक्की सिंह, मनमोहा सिंह, सुरेंद्र पाल, अजय सिंह, काला राम, जसप्रीत कौर, अंजू रानी, सुमन रानी, अमन कुमार, टीटू, डॉ. विनोद कुमार , हर्ष कुमार, सचिन कुमार, रामभगत सहित अन्य खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।
Reported By: Rimpi Jindal












