'बैलेट पेपर से चुनाव, फिर भी कांग्रेस का क्या हुआ?' 4 राज्यों के MLC नतीजों पर PM मोदी का तंज

0
11

नई दिल्ली: चार राज्यों में हुए विधान परिषद चुनावों में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा है। उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और कर्नाटक की कुल 28 सीटों पर हुए MLC चुनाव में कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत पाई। इसी मुद्दे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा, “उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और कर्नाटक जैसे चार बड़े राज्यों में 28 सीटों पर MLC चुनाव हुए। चुनाव बैलेट पेपर से हुए। अंदाजा लगाइए, कांग्रेस ने कितनी सीटें जीतीं?”

दरअसल, इन चुनावों में यूपी की 11, बिहार की 8, महाराष्ट्र की 5 और कर्नाटक की 4 सीटें शामिल थीं। इन सभी सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था और 27 अक्टूबर से मतगणना शुरू हुई। यह चुनाव आम चुनावों से अलग होते हैं, क्योंकि इसमें आम जनता वोट नहीं करती। केवल शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के रजिस्टर्ड मतदाता ही वोट डालते हैं।

कर्नाटक में कांग्रेस को बड़ा झटका

कर्नाटक में कांग्रेस के लिए यह हार ज्यादा बड़ी मानी जा रही है, क्योंकि राज्य में उसी की सरकार है। वहां की चारों सीटों पर बीजेपी और जेडीएस गठबंधन ने जीत दर्ज की है। बीजेपी ने अपनी तीन सीटें बचा लीं, जबकि जेडीएस ने बेंगलुरु शिक्षक सीट कांग्रेस से छीन ली। उत्तर प्रदेश की 11 सीटों पर मुख्य मुकाबला बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच था। शुरुआती नतीजों में बीजेपी को चार और सपा को दो सीटों पर जीत मिली है, बाकी सीटों पर गिनती जारी है।

EVM पर बहस के बीच पीएम का वार

पीएम मोदी का यह बयान ऐसे समय आया है जब विपक्ष लगातार EVM पर सवाल उठाता रहा है और बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग करता रहा है। इन चुनावों में बैलेट पेपर का इस्तेमाल हुआ और कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली। इसे बीजेपी कांग्रेस पर राजनीतिक तंज के तौर पर देख रही है। इस पोस्ट के बाद एक बार फिर बैलेट पेपर बनाम EVM को लेकर सियासी बहस तेज हो गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here