नई दिल्ली: राजधानी में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। बाहरी उत्तर जिला के शाहबाद डेयरी थाना पुलिस ने चाकू से हमला कर लूटपाट करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11 मोबाइल फोन एक अवैध बटनदार चाकू और वारदात में कथित तौर पर इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है।
पीड़ित पर चाकू से हमला, नकदी और मोबाइल फोन
बाहरी उत्तरी जिला डीसीपी शोभित डी. सक्सेना ने बताया कि एनआईडीएम कार्यालय सेक्टर-28 रोहिणी के पास दो लोगों से लूटपाट की सूचना मिली थी। पीड़ित रामभवन (35) और सुनील (32) निवासी शाहबाद डेयरी को बदमाशों ने घेरकर नकदी जरूरी दस्तावेज और मोबाइल फोन लूट लिए थे। विरोध के दौरान रामभवन पर चाकू से हमला किया गया जिसमें उन्हें गंभीर चोटें आईं। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।
आरोपियों से 11 मोबाइल, बटनदार चाकू और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद
संयुक्त पुलिस आयुक्त विजय सिंह के दिशा-निर्देश, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त लोकेश्वरन आर. के मार्गदर्शन तथा सहायक पुलिस आयुक्त गौरव सिंह की निगरानी में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए शक्ति (25) और शिवम उर्फ आयुष उर्फ बिल्ली (24) निवासी सुल्तानपुरी को गिरफ्तार किया। दोनों के पूर्व में भी तीन-तीन आपराधिक मामलों में संलिप्त होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने शिवम से सात और शक्ति से चार मोबाइल फोन बरामद किए। इनका संबंध शाहबाद डेयरी और बुध विहार थानों में दर्ज विभिन्न मामलों से होने की प्रारंभिक जानकारी मिली है। पीड़ित के दस्तावेज भी बरामद हुए हैं।
Reported By: Pankaj Rai












