शाहदरा में नशे के कारोबार पर पुलिस का प्रहार, 200 ग्राम से अधिक हेरोइन के साथ महिला गिरफ्तार

0
6

नई दिल्ली: राजधानी में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ दिल्ली पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में शाहदरा जिले की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने दिलशाद गार्डन इलाके में छापेमारी कर कथित महिला नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 200.40 ग्राम हेरोइन (स्मैक) एक स्कूटी और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।

सूचना पर छापेमारी, सोनिया को दबोचा गया

शाहदरा जिला डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि एएनटीएफ को सूचना मिली थी कि सोनिया (39) नामक महिला दोपहर ढाई से साढ़े चार बजे के बीच दिलशाद गार्डन के ए-पॉकेट इलाके में स्मैक की आपूर्ति करने आने वाली है। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर अर्जुन सिंह ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी कर महिला को दबोच लिया। तलाशी के दौरान पॉलीथिन में रखी 200.40 ग्राम स्मैक बरामद हुई।

एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज, आपूर्ति श्रृंखला की जांच जारी

इस मामले में जीटीबी एन्क्लेव थाने में प्राथमिकी संख्या 275/26 स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ में महिला ने कथित आपूर्तिकर्ता के बारे में जानकारी दी है। उसकी गिरफ्तारी और नशे की आपूर्ति श्रृंखला का पता लगाने के लिए छापेमारी जारी है।

पुराने मामले सामने आए, कार्रवाई टीम का विवरण

जांच में महिला के खिलाफ फर्श बाजार थाने में आबकारी अधिनियम की धारा 33 के तहत वर्ष 2020 और 2021 के तीन पुराने मामले भी सामने आए हैं। यह कार्रवाई एसीपी पवन कुमार के पर्यवेक्षण इंस्पेक्टर अर्जुन सिंह के नेतृत्व में एसआई दीपक एसआई शोकिंदर, हेड कांस्टेबल पंकज, योगेश, विजय, राजेश, सुदेश, दीपक, महिला हेड कांस्टेबल सत्यवती, कांस्टेबल अर्जुन सिंह, साहिद और महिला कांस्टेबल शिवानी की टीम ने की।

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here