नशे पर वार, साइबर अपराध से बचाव का कवच; 630 विद्यार्थियों को द्वारका जिला पुलिस ने सिखाया जागरूकता का पाठ

0
9

नई दिल्ली: युवाओं के हाथों में किताबें हों, सपनों में कामयाबी हो और जिंदगी में नशे तथा साइबर अपराध के लिए कोई जगह न हो। इसी संदेश के साथ द्वारका जिला पुलिस ने विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया। सरकारी सहशिक्षा वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, साइट-1, सेक्टर-6, द्वारका में आयोजित नशा विरोधी एवं साइबर जागरूकता कार्यक्रम में करीब 630 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को नशे के खतरों से आगाह करने के साथ डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के तरीके भी समझाए गए।

नशे के दुष्प्रभाव बताकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील

यह जागरूकता कार्यक्रम द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित किया गया। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को बताया कि नशा केवल शरीर को ही नहीं, बल्कि सोच, परिवार और पूरे भविष्य को खोखला कर देता है। नशीले पदार्थों का सेवन शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर दुष्प्रभाव डालता है। ऐसे में युवाओं को किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनानी चाहिए।

मोबाइल और इंटरनेट के सुरक्षित इस्तेमाल की दी जानकारी

कार्यक्रम में साइबर सुरक्षा को भी प्रमुखता से उठाया गया। विद्यार्थियों को मोबाइल फोन के सुरक्षित और जिम्मेदार इस्तेमाल, इंटरनेट पर सावधानी बरतने तथा ऑनलाइन गतिविधियों से जुड़े संभावित खतरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने समझाया कि डिजिटल दुनिया में छोटी-सी लापरवाही भी बड़ी परेशानी का कारण बन सकती है। इसलिए अनजान लोगों पर भरोसा करने और इंटरनेट पर निजी जानकारियां साझा करने से बचना जरूरी है। इसके साथ ही विद्यार्थियों को आपातकालीन परिस्थितियों में मदद पाने के लिए महत्वपूर्ण पुलिस एवं आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई, ताकि जरूरत पड़ने पर वे तत्काल सहायता प्राप्त कर सकें।

विद्यार्थियों ने नशामुक्त समाज बनाने की ली शपथ

कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव तब आया, जब सभी विद्यार्थियों ने नशे से हमेशा दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में अपनी भूमिका निभाने की शपथ ली। पुलिस ने बच्चों को जागरूकता का संदेश अपने परिवार और आसपास के लोगों तक पहुंचाने के लिए भी प्रेरित किया। द्वारका जिला पुलिस ने स्पष्ट किया कि युवाओं को नशे से बचाने, साइबर अपराध के प्रति जागरूक करने और सुरक्षित समाज के निर्माण के लिए ऐसे शैक्षणिक एवं सामुदायिक कार्यक्रम लगातार जारी रहेंगे।

 

Reported By: Pankaj Rai 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here