नई दिल्ली: राजधानी के ऐतिहासिक चांदनी चौक में पार्किंग के नाम पर चल रहे फर्जीवाड़े का उत्तरी जिला पुलिस ने पर्दाफाश किया है। यहां नगर निगम (एमसीडी) के नाम की नकली पार्किंग पर्चियां छपवाकर वाहन चालकों से अवैध वसूली की जा रही थी। कोतवाली थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए इस कथित अवैध पार्किंग रैकेट का भंडाफोड़ कर 33 वर्षीय आरोपी आकाश को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से फर्जी पार्किंग रसीद बुकलेट और वसूली के 220 रुपये बरामद हुए हैं।
सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा
उत्तरी जिला डीसीपी निहारिका भट्ट ने बताया कि 20 नवंबर को शाम करीब 5:20 बजे एएसआई कृष्ण कांत को सूचना मिली कि सुभाष मार्ग स्थित प्रेजेंटेशन स्कूल के पास फुटपाथ पर एक व्यक्ति वाहन चालकों को पार्किंग के लिए बुलाकर अवैध शुल्क वसूल रहा है। सूचना मिलते ही एएसआई कृष्ण कांत और हेड कांस्टेबल अनुज की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा, लेकिन मुस्तैद जवानों ने पीछा कर उसे दबोच लिया।
फर्जी रसीद बुकलेट के साथ आरोपी गिरफ्तार
पूछताछ में आरोपी की पहचान आकाश (33), निवासी प्रियदर्शिनी कॉलोनी, जमुना बाजार, कश्मीरी गेट के रूप में हुई। वह पार्किंग संचालन का कोई वैध लाइसेंस या अनुमति नहीं दिखा सका। तलाशी में ‘एमसीडी ऑथराइज्ड एससीटी/बाइक पार्किंग’ छपी इस्तेमाल की गई और खाली फर्जी रसीद बुकलेट मिलीं।
एमसीडी के नाम पर वसूली, धोखाधड़ी का केस दर्ज
जांच में सामने आया कि आरोपी एमसीडी के नाम का दुरुपयोग कर लोगों को गुमराह करता और उनसे पार्किंग शुल्क वसूलता था। आर्थिक तंगी के चलते गलत रास्ता अपनाने की बात भी उसने पूछताछ में बताई। इस मामले में कोतवाली थाने में एफआईआर संख्या 1072/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4)/319(2) में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। यह कार्रवाई एएसआई कृष्ण कांत और हेड कांस्टेबल अनुज ने की। पूरी कार्रवाई इंस्पेक्टर सुमन कुमार की देखरेख तथा एसीपी कोतवाली अमनदीप कौर के मार्गदर्शन में हुई।
Reported By: Pankaj Rai












