नोएडा: पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी अपराधी अमन त्यागी उर्फ माया त्यागी मारा गया। थाना सेक्टर-126 क्षेत्र में हुई इस मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश को कई गोलियां लगीं, जबकि दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। घायल बदमाश को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। माया त्यागी ग्रेटर नोएडा के बादलपुर थाने में दर्ज एक मुकदमे में वांछित चल रहा था।
चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर की फायरिंग, 20 से ज्यादा मुकदमे दर्ज
डीसीपी नोएडा प्रीति यादव ने बताया कि 31 अक्टूबर की रात गौतमबुद्धनगर पुलिस की सीआरटी टीम और थाना सेक्टर-126 पुलिस संयुक्त रूप से संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रुकने का इशारा किया। लेकिन बाइक सवार ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। दोनों तरफ से हुई गोलीबारी में बदमाश और दो पुलिसकर्मी घायल हो गए।घायल बदमाश की पहचान अमन त्यागी उर्फ माया त्यागी पुत्र धनेश, निवासी ग्राम छपार, जिला मुजफ्फरनगर के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। वह थाना बादलपुर में दर्ज मुकदमे में वांछित था। शुरुआती जानकारी के अनुसार, उसके खिलाफ अलग-अलग जनपदों में हत्या, लूट, रंगदारी और गैंगस्टर एक्ट समेत 20 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। उसका संबंध रणदीप भाटी और अनिल दुजाना गैंग से भी बताया गया है।
मौके से अवैध पिस्टल और कारतूस बरामद, पुलिस जांच में जुटी
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से एक अवैध पिस्टल, खोखा कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की है। फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं, घायल दोनों पुलिसकर्मियों का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस अब आरोपी के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।फिलहाल नोएडा पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
Reported By: Mohit Gautam












