नई दिल्ली: दक्षिणी दिल्ली के संगम विहार में जुए के अवैध कारोबार पर दिल्ली पुलिस ने फिल्मी अंदाज में बड़ी चोट की है। स्पेशल स्टाफ की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर ऐसे जुए के अड्डे का पर्दाफाश किया, जहां एक ही परिसर के अलग-अलग कमरों में दो तरह का जुआ संचालित किया जा रहा था। पुलिस ने मौके से 34 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें चार कथित आयोजक और जुए की गतिविधियों को संचालित करने वाले लोग भी शामिल हैं।
गुप्त सूचना पर बिछाया जाल
साउथ जिला डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि 23 और 24 नवंबर की दरमियानी रात स्पेशल स्टाफ को संगम विहार में अवैध जुए का अड्डा चलने की सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की। पुलिस के पहुंचते ही जुए की महफिल में खलबली मच गई। जांच के दौरान सामने आया कि एक कमरे में चकरी मशीन और चिड़िया-कबूतर के चार्ट के जरिए बाजी लगाई जा रही थी, जबकि दूसरे कमरे में ताश के पत्तों पर जुआ खेला जा रहा था।
चार कथित संचालक भी बेनकाब
पूछताछ और शुरुआती जांच में बलजीत सिंह, कालू, हिमांशु और सुलेंद्र की पहचान कथित तौर पर जुए का आयोजन और संचालन करने वालों के रूप में हुई। छापेमारी में पुलिस ने 70,760 रुपये की दांव पर लगी नकदी, 104 ताश के पत्ते, एक चकरी मशीन और जुए के दो चार्ट बरामद किए। सभी सामान को नियमानुसार जब्त किया गया।
दस आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार 34 लोगों में से 10 के पूर्व आपराधिक मामलों में संलिप्त होने की जानकारी सामने आई है। इनमें हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, दंगा, शस्त्र अधिनियम, आबकारी अधिनियम और जुआ अधिनियम से जुड़े मामले शामिल हैं। हालांकि, इन मामलों में आरोपों और उनकी वर्तमान कानूनी स्थिति की जांच अलग-अलग की जा रही है।
थाना तिगड़ी में मुकदमा दर्ज
मामले में थाना तिगड़ी में प्राथमिकी संख्या 310/2026, दिनांक 24 नवंबर 2026 को दिल्ली सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धाराओं 3/4/5/12/9/55 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की जांच में जुटी है।
इन पुलिसकर्मियों ने संभाला मोर्चा
पूरी कार्रवाई निरीक्षक अनुज कुमार, प्रभारी स्पेशल स्टाफ के नेतृत्व में तथा एसीपी ऑपरेशंस बलराम सिंह बेनीवाल की निगरानी में हुई। टीम में उपनिरीक्षक अमित ग्रेवाल, सहायक उपनिरीक्षक अशोक कुमार, पदम सिंह, पंकज राजोरा, दुष्यंत कुमार, हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार, मनीष कुमार, प्रवीण कुमार, नवरंग, वीरेंद्र, नरेंद्र कुमार तथा कांस्टेबल अंकित, कृष्ण कुमार, मूलचंद और सुरेंद्र सिंह शामिल रहे।
दक्षिणी दिल्ली के संगम विहार में जुए के अवैध कारोबार पर दिल्ली पुलिस ने फिल्मी अंदाज में बड़ी चोट की है। स्पेशल स्टाफ की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर ऐसे जुए के अड्डे का पर्दाफाश किया, जहां एक ही परिसर के अलग-अलग कमरों में दो तरह का जुआ संचालित किया जा रहा था। पुलिस ने मौके से 34 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें चार कथित आयोजक और जुए की गतिविधियों को संचालित करने वाले लोग भी शामिल हैं।
Reported By: Pankaj Rai












