ऑपरेशन मिलाप: रोहिणी जिला पुलिस की संवेदनशीलता और मुस्तैदी से दो बच्चियां और एक मासूम परिवार तक पहुंचे

0
1

नई दिल्ली: किसी घर का चिराग अचानक लापता हो जाए तो परिवार पर क्या गुजरती है, इसका दर्द वही समझ सकता है, जिसकी आंखें अपनों की राह देखते-देखते थक जाती हैं। ऐसे ही परेशान परिवारों के चेहरों पर रोहिणी जिला पुलिस ने मुस्कान लौटाई है। दिल्ली पुलिस के अभियान ‘ऑपरेशन मिलाप’ के तहत पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में दो बच्चियों और एक बच्चे को तलाशकर सुरक्षित उनके परिवारों से मिला दिया। पुलिस की सतर्कता, तकनीकी निगरानी और लगातार प्रयासों ने तीन परिवारों को बड़ी राहत दी।

लापता युवती की सात महीने बाद मिली तलाश

रोहिणी जिला डीसीपी शशांक जायसवाल ने बताया कि पहले मामले में 12 अप्रैल 2026 को बेगमपुर थाने में 18 वर्ष तीन महीने की युवती के लापता होने की सूचना मिली थी। एसएचओ इंस्पेक्टर राजीव रंजन के नेतृत्व और एसीपी सार्थक त्यागी की निगरानी में महिला हेड कांस्टेबल दीपा की टीम ने तलाश शुरू की। पुलिस ने घर-घर जाकर पूछताछ की। दुकानदारों, रेहड़ी-पटरी वालों, ई-रिक्शा चालकों और स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाई। आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए और मुखबिरों के साथ तकनीकी निगरानी की मदद ली गई। लगातार प्रयासों के बाद 19 नवंबर को युवती को खोज निकाला गया और सुरक्षित परिवार से मिला दिया गया।

दो घंटे में मासूम को मिला परिवार

दूसरे मामले में 20 नवंबर को नॉर्थ रोहिणी थाने को 12 वर्षीय बालक के लावारिस हालत में मिलने की सूचना मिली। बच्चा अपना नाम, माता-पिता और घर का पता बताने में असमर्थ था। एसएचओ इंस्पेक्टर अमित कुमार के नेतृत्व तथा एसीपी बृजमोहन मीणा की निगरानी में एसआई रणदीप और कांस्टेबल शीलू की टीम ने मानवीय सूचना तंत्र, तकनीकी निगरानी और स्थानीय आरडब्ल्यूए सदस्यों की मदद ली। महज दो घंटे के भीतर बच्चे का घर तलाशकर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

अपहरण के मामले में 24 घंटे में कामयाबी

तीसरे मामले में 23 नवंबर को बुध विहार थाने में 17 वर्षीय किशोरी के लापता होने पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। बुध विहार थाना पुलिस और विशेष स्टाफ ने संयुक्त रूप से तलाश अभियान चलाया। इंस्पेक्टर संदीप गोदारा के नेतृत्व में महिला हेड कांस्टेबल अनीता और कांस्टेबल आर्यमन की टीम ने एसीपी ऑपरेशन अजमेर सिंह की निगरानी में 24 नवंबर को सेक्टर-24, रोहिणी से किशोरी को बरामद कर सुरक्षित परिवार से मिला दिया।

खाकी की जिम्मेदारी, बच्चों की सुरक्षा

तीनों मामलों में पुलिस टीमों ने बच्चों की पहचान सुनिश्चित करने, उनकी काउंसलिंग करने और सुरक्षित परिवार तक पहुंचाने की जिम्मेदारी निभाई। पुलिस उपायुक्त शशांक जायसवाल ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी बच्चे के लापता होने की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

 

Reported By: Pankaj Rai 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here