कांग्रेस की महारैली पर दिल्ली पुलिस का हाई अलर्ट, रामलीला मैदान बना सुरक्षा का अभेद्य किला

0
6

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में कांग्रेस की प्रस्तावित महारैली को लेकर दिल्ली पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। रैली में उमड़ने वाली संभावित भीड़ और सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए पुलिस ने रामलीला मैदान और उसके आसपास सुरक्षा का मजबूत घेरा तैयार करना शुरू कर दिया है। आयोजन को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस के आला अधिकारियों ने खुद मैदान में उतरकर कमान संभाल ली है।

आला अधिकारियों ने किया स्थल निरीक्षण

इसी सिलसिले में दिल्ली पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार के साथ जॉइंट सीपी सेंट्रल रेंज, मध्य जिला पुलिस उपायुक्त और नई दिल्ली जिला पुलिस उपायुक्त रामलीला मैदान पहुंचे। अधिकारियों ने आयोजन स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्गों तथा पुलिस बल की तैनाती से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया। मौके पर मौजूद अधिकारियों को सुरक्षा इंतजामों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों से निगरानी      

महारैली के दौरान निगरानी व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की मदद ली जाएगी। इन कैमरों के जरिए आयोजन स्थल और आसपास के संवेदनशील स्थानों पर लगातार नजर रखी जाएगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अव्यवस्था की आशंका पर तत्काल कार्रवाई के लिए पुलिस की विभिन्न यूनिटों को मुस्तैद रखा जाएगा।

इसके अलावा अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की जाएगी, ताकि भीड़ प्रबंधन से लेकर कानून-व्यवस्था तक हर मोर्चे पर पुलिस की मजबूत मौजूदगी बनी रहे। दिल्ली पुलिस का पूरा जोर इस बात पर है कि सुरक्षा में कोई चूक न हो और कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो।

 

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here