CJP प्रोटेस्ट के समर्थन में उतरीं रोहिणी आचार्य, दीपक-सौरभ और ध्रुव राठी की हिरासत पर उठाए सवाल

0
9

पटना: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन को लेकर सियासत तेज हो गई है। राजद सुप्रीमो लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन को खुला समर्थन दिया है। शनिवार को जब CJP के नेता अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका, सौरभ दास और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ध्रुव राठी को हिरासत में लिया गया, तो रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा।

मोदी-शाह पर लगाया तानाशाही का आरोप

रोहिणी ने आरोप लगाया कि सच बोलने वाले ध्रुव राठी और CJP के नेताओं को मोदी-शाह के इशारे पर गिरफ्तार किया गया है। समर्थकों को दिल्ली में आने से रोका जा रहा है। यह सरकार की तानाशाही का सबूत है। उन्होंने तुकबंदी में लिखा, “सच बोलने वाली आवाज को जब-जब तुम दबाओगे, देश के हर कोने में तुम कई ध्रुव राठी और सौरभ पाओगे।”

रोहिणी ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए आ रहे लोगों को दिल्ली की सीमाओं और एयरपोर्ट पर रोकना संविधान के अनुच्छेद 19 का उल्लंघन है। जंतर-मंतर पर बैरिकेडिंग और नाकेबंदी से साबित होता है कि सरकार असंतोष से डरी हुई है। उन्होंने सभी आंदोलनकारियों की तुरंत रिहाई की मांग की।

चुनाव आयोग पर कठपुतली बनने का आरोप

रोहिणी आचार्य ने कहा कि दिल्ली में CJP और विपक्ष का प्रदर्शन वोट चोरी के खिलाफ जन आक्रोश है। जब रक्षक ही भक्षक बन जाए तो सड़कों पर उतरना जरूरी हो जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग निष्पक्ष नहीं रहा और बीजेपी के इशारे पर काम कर रहा है। वोटर लिस्ट से नाम गायब होना, SIR प्रक्रिया में गड़बड़ी और CEC पर उठ रहे सवाल लोकतंत्र पर हमला है। रोहिणी ने कहा कि एक तरफ सरकार और आयोग की जुगलबंदी के सबूत सामने हैं, दूसरी तरफ पुलिस से आवाज दबाई जा रही है। यह चोरी और सीनाजोरी है।

ट्रेनें कैंसिल होने पर कसा तंज 

बता दें, इससे पहले शुक्रवार को दिल्ली जाने वाली ट्रेनें कैंसिल होने पर भी उन्होंने तंज कसा था। कहा था कि वोट चोरी करने वालों के पसीने छूट गए हैं, डर से रेल और मेट्रो बंद कर दी गई। उन्होंने पीएम मोदी के 56 इंच सीने वाले बयान पर भी निशाना साधा और कहा कि बड़बोलों के बादशाह आंदोलनकारियों से डर गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here