नई दिल्ली: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बीच ईरान से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है. मंगलवार को ईरान के दक्षिणी तट पर एक रिहायशी मकान में शादी समारोह चल रहा था, तभी अमेरिकी हमले से जुड़ा मिसाइल का छर्रा वहां आ गिरा. घटना में एक बच्चे समेत चार लोगों की मौत की खबर है, जबकि 50 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं.
शादी की खुशियां मातम में बदलीं
यह घटना होर्मोजगान प्रांत के सिरिक काउंटी के कुहेस्तक शहर में हुई. जानकारी के अनुसार, एक घर में शादी समारोह चल रहा था और परिवार के लोग तथा मेहमान जश्न में शामिल थे. इसी दौरान अचानक धमाका हुआ और मिसाइल का छर्रा मकान से जा टकराया.
ईरानी रेड क्रेसेंट ने सोशल मीडिया पर घटना की जानकारी साझा की है. हादसे के बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. मृतकों में एक छोटा बच्चा भी शामिल बताया जा रहा है.
वीडियो में दिखी तबाही
ईरानी सरकार की ओर से घटना का एक वीडियो भी जारी किया गया है. इसमें शादी समारोह वाली जगह पर मलबा बिखरा नजर आ रहा है. मकान और आसपास के इलाके में नुकसान दिखाई देता है. घटना के बाद वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
अमेरिका-ईरान तनाव फिर बढ़ा
यह घटना ऐसे समय हुई है जब अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य टकराव एक बार फिर तेज हो गया है. अमेरिकी सेना ने ईरान में कई ठिकानों को निशाना बनाया है. अमेरिका का दावा है कि ईरान की ओर से होर्मुज जलडमरूमध्य में वाणिज्यिक जहाजों और अमेरिकी सैन्यकर्मियों को निशाना बनाने की कोशिश की गई थी.
इससे पहले अमेरिका ने होर्मुज के आसपास ईरानी रॉकेट लॉन्चरों पर भी हमला किया था. इसके जवाब में ईरान ने क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाकर मिसाइल हमले किए.
खाड़ी क्षेत्र में बढ़ी चिंता
अमेरिका और ईरान के बीच जवाबी हमलों का असर पूरे खाड़ी क्षेत्र पर पड़ रहा है. जॉर्डन, बहरीन और कुवैत समेत कई देशों को भी सुरक्षा को लेकर सतर्क रहना पड़ रहा है. ऐसे में शादी समारोह के दौरान हुई यह घटना युद्ध के आम नागरिकों पर पड़ रहे असर को लेकर चिंता और बढ़ा रही है.












