हरिद्वार हाईवे पर नशे में धुत 4 युवकों ने महिलाओं की कार का किया पीछा, कैमरे में कैद हुई पूरी करतूत

0
6

नई दिल्ली: हरिद्वार में हाईवे पर महिलाओं के एक समूह को परेशान करने और उनकी गाड़ी का पीछा करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया। आरोप है कि चारों शराब के नशे में थे और रास्ते से गुजर रही महिलाओं से अभद्र व्यवहार कर रहे थे। घटना बहादराबाद इलाके की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, चारों युवक दिल्ली नंबर की सफेद WagonR कार में सवार थे। कार का नंबर DL3CBC-9887 बताया गया है।

आरोप है कि नशे की हालत में युवकों ने हाईवे पर हंगामा किया और महिलाओं समेत अन्य राहगीरों से बहस करने लगे। घटना के दौरान महिलाओं ने मोबाइल फोन से पूरे मामले का वीडियो बना लिया। फुटेज में एक युवक महिलाओं की कार को रुकवाने की कोशिश करता दिखाई और सुनाई देता है। वह बार-बार गाड़ी रोकने के लिए कहता है। महिलाओं ने युवकों के नशे में होने पर आपत्ति जताते हुए पहले शराब का नशा उतारने की बात कही।

वीडियो वायरल हुआ तो हरकत में आई पुलिस

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस तक मामला पहुंचा। हरिद्वार सिटी के पुलिस अधीक्षक दीपक सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो में कुछ युवकों द्वारा सड़क से गुजर रही महिलाओं के साथ अभद्रता और परेशान किए जाने की जानकारी मिली थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल वाहन चेकिंग के लिए अलर्ट जारी किया। इसके बाद टीम ने बताए गए हुलिए और वाहन की पहचान के आधार पर WagonR को रोक लिया। कार में चारों युवक मौजूद थे और उन्हें पुलिस स्टेशन ले जाया गया।

मेडिकल जांच में शराब पीने की पुष्टि

पुलिस ने चारों युवकों की मेडिकल जांच कराई। जांच में उनके शराब के सेवन की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने के मामले में मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई की। यातायात नियमों के उल्लंघन से जुड़ी अन्य धाराएं भी लगाई गई हैं। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया और नियमानुसार चालान की कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई के दौरान चारों युवकों ने पुलिस के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगी और भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं करने का भरोसा दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here