O Saathi Re Trailer: तलाक के बाद भी बचा प्यार, लव ट्रायंगल में उलझे अदिति-अविनाश-अर्जुन, 4 दिसंबर को होगी रिलीज

0
3

नई दिल्ली: फिल्ममेकर इम्तियाज अली एक बार फिर रिश्तों, अधूरे प्यार और दिल की उलझनों वाली कहानी लेकर आ रहे हैं। उनकी नई नेटफ्लिक्स सीरीज ‘ओ साथी रे’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है, और आते ही इसने दर्शकों के बीच काफी चर्चा पैदा कर दी है। ट्रेलर में एक टूटती शादी, बचा हुआ प्यार और तीन लोगों के बीच बनता नया समीकरण दिखता है। ये सीरीज सिर्फ लव ट्रायंगल नहीं है, बल्कि ये सवाल उठाती है कि जब प्यार, अपनी पसंद और खुशी की तलाश तीन लोगों को अलग-अलग रास्तों पर ले जाए, तो रिश्तों का क्या होता है? ट्रेलर की शुरुआत में रोशनी (अदिति राव हैदरी) और करण (अविनाश तिवारी) की शादी टूटने की कगार पर दिखती है। दोनों तलाक के करीब पहुंच चुके हैं। इसी बीच रोशनी की जिंदगी में प्रद्युम्न (अर्जुन रामपाल) की एंट्री होती है और उसके दिल में उनके लिए भावनाएं पनपने लगती हैं। इसके बाद कहानी और उलझ जाती है। तीनों किरदार एक ऐसे रिश्ते में फंस जाते हैं, जहां हर किसी के लिए प्यार का मतलब अलग-अलग है।

इमोशंस और मुश्किल फैसले

करण के लिए रोशनी के बिना जिंदगी की कल्पना करना भी मुश्किल है। उसकी दुनिया रोशनी के इर्द-गिर्द ही घूमती है। दूसरी तरफ रोशनी खुद कंफ्यूज है। उसे समझ नहीं आ रहा कि वह किसी रिश्ते से असल में क्या चाहती है। प्रद्युम्न की मौजूदगी कहानी में नया मोड़ लाती है। इसके बाद तीनों को ऐसी भावनाओं से गुजरना पड़ता है, जिन्हें भूलना आसान नहीं होता।

सिर्फ लव ट्रायंगल नहीं, प्यार का मतलब

ओ साथी रे खुद को आम लव ट्रायंगल तक सीमित नहीं रखती। ये सीरीज ये सोचने पर मजबूर करती है कि क्या किसी को अपने पास रोके रखने की ख्वाहिश के बिना भी सच्चा प्यार किया जा सकता है? और क्या कभी-कभी किसी को जाने देना ही प्यार की सबसे मुश्किल परीक्षा होती है?

इम्तियाज अली ने क्या कहा?

इम्तियाज अली ने इस शो को पुराने जमाने के दिल वाला एक आधुनिक रोमांटिक ड्रामा बताया है। इसका टाइटल ‘मुकद्दर का सिकंदर’ फिल्म के किशोर कुमार के मशहूर गाने ‘ओ साथी रे’ से लिया गया है। उसी गाने से इस सीरीज को प्रेरणा भी मिली है। कहानी तलाक की राह पर खड़े एक जोड़े की है, लेकिन ये अलग होने की कड़वाहट नहीं दिखाती। बल्कि उस प्यार को दिखाती है, जो रिश्ता कमजोर पड़ जाने के बाद भी कहीं न कहीं बचा रह जाता है।

ओ साथी रे’ की कहानी एक भागदौड़ भरे शहर में सेट है, जहां किरदार उलझे रिश्तों और कड़े निजी फैसलों का सामना कर रहे हैं। 6 एपिसोड वाली इस सीरीज के क्रिएटर और शो-रनर इम्तियाज अली हैं। उन्होंने अमोघ कनास्कर और निधि सेठिया के साथ मिलकर इसे लिखा है। आरिफ अली के निर्देशन में बनी इस सीरीज में निधि सेठिया क्रिएटिव प्रोड्यूसर हैं। ‘विंडो सीट फिल्म्स’ के बैनर तले बनी ये सीरीज 4 दिसंबर, 2026 को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here