द्वारकाधीश मंदिर में मंत्रोच्चार के बीच हुई गोवर्धन पूजा, जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर

0
10

मथुरा: दीपावली के अगले दिन सोमवार को धर्मनगरी मथुरा के प्रसिद्ध पुष्टिमार्गीय संप्रदाय के श्री द्वारकाधीश मंदिर में गोवर्धन पूजा का पर्व परंपरागत श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह 10 बजे से मंदिर परिसर में गिरिराज महाराज की पूजा-अर्चना शुरू हुई। दर्शन और पूजन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। देखते ही देखते मंदिर परिसर भक्तों से भर गया। गिरिराज महाराज के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गुंजायमान हो उठा।

गोबर से तैयार गिरिराज स्वरूप की पूजा

मंदिर के चौक में गाय के गोबर से गिरिराज महाराज का विशाल स्वरूप तैयार किया गया। इसे आकर्षक ढंग से सजाया गया था। मंदिर सेवायतों ने विशेष मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न कराई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने गिरिराज महाराज को पुष्प, दीप और पूजन सामग्री अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पूजा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

भक्तिमय वातावरण और श्रद्धालुओं की भीड़  

गोवर्धन पूजा के अवसर पर मंदिर को भी आकर्षक ढंग से सजाया गया। शहनाई की मधुर धुन और भक्तों के जयकारों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालु गिरिराज महाराज के दर्शन कर स्वयं को धन्य महसूस करते नजर आए। मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।

अन्नकूट के दर्शन की तैयारियां 

श्री द्वारकाधीश मंदिर के मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी ने बताया कि गोवर्धन पूजा के लिए मंदिर परिसर में गाय के गोबर से गिरिराज महाराज का विशाल स्वरूप तैयार कराया गया है। विशेष मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर विभिन्न प्रकार के भोग अर्पित किए गए। उन्होंने बताया कि दोपहर तीन बजे मंदिर में अन्नकूट के दर्शन होंगे। इसके लिए भी विशेष तैयारियां की गई हैं। अन्नकूट के दर्शन का लाभ लेने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here