सुरक्षा के मोर्चे पर खुद मैदान में उतरे दिल्ली पुलिस आयुक्त, पिंक बूथ से पार्क तक पैदल गश्त

0
6

नई दिल्ली: राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने सोमवार को दक्षिणी दिल्ली के विभिन्न इलाकों का दौरा कर सुरक्षा इंतजामों का मौके पर निरीक्षण किया। पुलिस आयुक्त ने पिंक बूथ-एलएसआर कॉलेज, नेशनल पार्क और अरुण जेटली पार्क हौज खास पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था की जमीनी स्थिति को परखा।

सुरक्षा की निगरानी, मैदान में पुलिस की जिम्मेदारी

दौरे के दौरान पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार के साथ विशेष पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था जोन-दो नीरज ठाकुर संयुक्त पुलिस आयुक्त/ओएसडी संजय कुमार जैन ,संयुक्त पुलिस आयुक्त दक्षिणी रेंज विजय कुमार, पुलिस उपायुक्त दक्षिण अनंत मित्तल सहित अन्य पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे।

पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों के साथ क्षेत्र में गश्त करते हुए पार्कों और उनके आसपास की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान पिंक बूथ की कार्यप्रणाली पार्कों में पुलिस की मौजूदगी आसपास के क्षेत्रों में निगरानी तथा आम लोगों की सुरक्षा से जुड़े इंतजामों को देखा गया। दौरे के दौरान पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों से क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति और मौजूदा गश्त व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी को प्रभावी बनाए रखने और किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल नजर रखने के निर्देश दिए।

पार्कों में बढ़ेगी पुलिस की मौजूदगी

अरुण जेटली पार्क और आसपास के क्षेत्रों में निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने सुरक्षा व्यवस्था को लगातार सक्रिय बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि क्षेत्र में नियमित और प्रभावी गश्त सुनिश्चित की जाए, ताकि स्थानीय लोगों और पार्क में आने वाले नागरिकों को सुरक्षित माहौल मिल सके।

पिंक बूथ भी पहुंचकर परखी व्यवस्था

एलएसआर कॉलेज स्थित पिंक बूथ का निरीक्षण भी पुलिस आयुक्त के दौरे का अहम हिस्सा रहा। पिंक बूथ को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को क्षेत्र की परिस्थितियों के अनुरूप निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
दौरे के दौरान पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों और पार्कों में सुरक्षा व्यवस्था केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि पुलिस की मौजूदगी जमीन पर भी दिखाई दे। उन्होंने क्षेत्र में प्रभावी और नियमित गश्त बढ़ाने तथा सुरक्षा संबंधी उपायों को मजबूत करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

वरिष्ठ अधिकारी साथ, जवानों का बढ़ा हौसला

पुलिस आयुक्त के साथ वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी और मौके पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा से अधीनस्थ पुलिसकर्मियों को भी स्पष्ट संदेश मिला कि संवेदनशील और सार्वजनिक स्थानों की सुरक्षा पर शीर्ष स्तर से लगातार नजर रखी जा रही है। हौज खास क्षेत्र में हुए इस निरीक्षण के दौरान पुलिस टीम ने पार्कों, आसपास के क्षेत्रों और पिंक बूथ की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक बिंदुओं की समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि क्षेत्र में सतर्कता बनाए रखते हुए पुलिस गश्त को और प्रभावी किया जाए, ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here