ग्रीस जाने की थी तैयारी, दिल्ली में पकड़े गए चार बांग्लादेशी, एफआरआरओ ने शुरू की निर्वासन की कार्रवाई

0
8

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ आउटर जिला पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में विदेशी नागरिक प्रकोष्ठ की टीम ने मंगोलपुरी रेलवे स्टेशन के पास से चार बांग्लादेशी नागरिकों को दबोचकर उनके भारत में रहने से जुड़े दस्तावेजों की जांच की। पुलिस के मुताबिक चारों के भारतीय वीजा की अवधि समाप्त हो चुकी थी और वे ग्रीस का वीजा हासिल करने की कोशिश में जुटे थे। मामले में विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) के समन्वय से चारों को निर्वासित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

गुप्त सूचना पर बिछाया जाल

दिल्ली पुलिस मुख्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान बाहरी जिला डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि विदेशी नागरिक प्रकोष्ठ को सूचना मिली थी कि थाना राजपार्क क्षेत्र में मंगोलपुरी रेलवे स्टेशन के आसपास कुछ संदिग्ध विदेशी नागरिक घूम रहे हैं। उनके वीजा की अवधि समाप्त हो चुकी थी और वे दूसरी जगह जाने की तैयारी में थे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर गोपनीय निगरानी शुरू की। पुलिस को देखते ही संदिग्धों ने कथित तौर पर इधर-उधर निकलने की कोशिश की लेकिन सतर्क टीम ने घेराबंदी कर चारों को रोक लिया।

जांच में खुली पोल, दस्तावेज निकले अवैध

पकड़े गए लोगों की पहचान मोहम्मद रियाद हुसैन (28) आसिफ मिया (42) मोहम्मद शॉन इस्लाम (18) और मोहम्मद फारुकी हुसैन (41) के रूप में हुई है। चारों बांग्लादेश के निवासी बताए गए हैं। पूछताछ के दौरान वे वैध पहचान और यात्रा संबंधी दस्तावेज पेश नहीं कर सके। जांच में उनके पासपोर्ट और वीजा की अवधि समाप्त होने की जानकारी सामने आई।

एक साल में 77 विदेशी नागरिकों पर कार्रवाई

इस अभियान में निरीक्षक सुंदर सिंह (प्रभारी विदेशी नागरिक प्रकोष्ठ) के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल उमेद, रविंदर, आशीष, कांस्टेबल रोहित और महिला कांस्टेबल रेनू की टीम शामिल रही। पूरी कार्रवाई पुलिस उपायुक्त आउटर जिला विक्रम सिंह के मार्गदर्शन में की गई।

पुलिस के मुताबिक वर्ष 2026 में अब तक आउटर जिला पुलिस ने कुल 77 विदेशी नागरिकों को पकड़ा है। इनमें 33 बांग्लादेशी, 20 नाइजीरियाई, नौ थाईलैंड, आठ आइवरी कोस्ट, दो लाइबेरिया, दो घाना तथा सेनेगल, गांबिया, युगांडा और गिनी के एक-एक नागरिक शामिल हैं। डीसीपी ने कहा राजधानी में बिना वैध दस्तावेजों के रहने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here